1 करोड़ सदस्य का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर जदयू ने जनविश्वास का नया अध्याय लिख दिया : उमेश कुशवाहा
पटना, 3 जून (आईएएनएस)। बिहार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बुधवार को बताया कि उनकी पार्टी ने एक करोड़ से अधिक सदस्यों का आंकड़ा पार कर लिया है।
मीडिया से बातचीत के दौरान उमेश कुशवाहा ने कहा कि 1 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ जदयू परिवार ने संगठनात्मक मजबूती का नया इतिहास रचा है। यह उपलब्धि बिहार की जनता के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और पूर्व सीएम नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ यह कारवां निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में 6 दिसंबर से प्रारंभ हुए जदयू सदस्यता अभियान 2025–28 के अंतर्गत 1 करोड़ प्राथमिक सदस्य बनाने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया था, उसे संगठन के सभी साथियों के अथक परिश्रम, अटूट समर्पण एवं जनता के अपार विश्वास के बल पर ऐतिहासिक सफलता के साथ प्राप्त करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है। पार्टी ने लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए कुल 1 करोड़ 1 हजार 925 प्राथमिक सदस्य बनाकर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। यह उपलब्धि नीतीश कुमार के नेतृत्व में जनता के अटूट विश्वास तथा बीते 20 वर्षों में हुए विकास और सामाजिक न्याय की नीतियों के प्रति जनसमर्थन का प्रतीक है।
उन्होंने आगे कहा कि इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बूथ, पंचायत, प्रखंड, जिला एवं प्रदेश स्तर पर कार्यरत सभी समर्पित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ता साथियों का हृदय से अभिनंदन एवं आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपनी निष्ठा, समर्पण और अथक परिश्रम से इस सदस्यता अभियान को ऐतिहासिक सफलता दिलाई। संगठन की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ता होते हैं, और इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि जब कार्यकर्ता संकल्प लेते हैं, तो लक्ष्य स्वयं उपलब्धि में बदल जाता है।
जदयू को लेकर विपक्षी दलों के बयान पर उमेश कुशवाहा ने कहा कि जो लोग आरोप लगाते हैं, उन्हें विधानसभा चुनाव 2025 का परिणाम देखना चाहिए। एनडीए और हमारे नेता नीतीश कुमार की लहर देखने को मिली थी। हमारे नेता के काम पर जनता ने मुहर लगाई।
नीतीश कुमार के पार्टी कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने कहा कि हमारे नेता दिन रात काम में विश्वास करते हैं, वे सुबह पार्टी कार्यालय आए, कार्यकर्ताओं से मिले हैं और उनकी समस्याओं को सुना है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम