मुंह की बदबू से मिल जाएगा हमेशा के लिए छुटकारा! पानी में ये 2 चीजें उबालकर कर लें कुल्ला
मुंह से बदबू आना एक आम समस्या है, लेकिन इसके कारण कई बार लोगों को दूसरों के सामने असहज महसूस करना पड़ता है। इससे बचने के लिए लोग अक्सर च्युइंग गम, माउथ फ्रेशनर या माउथवॉश का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, इनका असर आमतौर पर कुछ समय तक ही रहता है। ऐसे में मुंह की बदबू को कम करने के लिए कुछ आसान घरेलू उपाय भी आजमाए जा सकते हैं।
आयुर्वेदिक डॉक्टर सलीम जैदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में मुंह की बदबू से राहत पाने के लिए लौंग और दालचीनी से तैयार पानी से कुल्ला करने का तरीका बताया है।
मुंह से बदबू क्यों आती है?
डॉक्टर जैदी के मुताबिक, मुंह की बदबू के पीछे मुंह में मौजूद बैक्टीरिया एक प्रमुख कारण हो सकते हैं। दांतों के बीच फंसे भोजन के कण और जीभ पर जमा गंदगी बैक्टीरिया को बढ़ने का मौका देती है। इससे धीरे-धीरे मुंह से दुर्गंध आने लगती है।
लौंग और दालचीनी का पानी कैसे बनाएं?
इस घरेलू उपाय को तैयार करने के लिए आपको करीब 250 मिलीलीटर पानी लेना है। इसमें 4 से 5 लौंग को हल्का कूटकर डालें। इसके बाद करीब 1 इंच दालचीनी का टुकड़ा भी पानी में डाल दें।
अब इस पानी को मध्यम आंच पर करीब 5 मिनट तक उबालें। गैस बंद करने के बाद बर्तन को ढककर कुछ देर के लिए छोड़ दें। पानी जब गुनगुना हो जाए तो इसे छानकर इस्तेमाल किया जा सकता है।
कैसे करें इससे कुल्ला?
एक घूंट तैयार पानी मुंह में लें और करीब 30 से 40 सेकंड तक इसे पूरे मुंह में अच्छी तरह घुमाएं। इसके बाद पानी को गले की तरफ ले जाकर करीब 20 सेकंड तक गरारे करें और फिर इसे थूक दें।
डॉक्टर जैदी के बताए तरीके के अनुसार, सुबह ब्रश करने के बाद और रात को सोने से पहले दिन में दो बार इससे कुल्ला किया जा सकता है।
लौंग और दालचीनी क्यों हो सकती हैं फायदेमंद?
लौंग में यूजिनोल नामक यौगिक पाया जाता है, जिसमें एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं। वहीं, दालचीनी में सिनामल्डिहाइड पाया जाता है, जिसे भी कुछ बैक्टीरिया के खिलाफ प्रभावी माना जाता है। हालांकि, यह घरेलू उपाय मुंह की बदबू के हर कारण का इलाज नहीं है।
इन बातों का भी रखें ध्यान
मुंह की दुर्गंध से बचने के लिए केवल कुल्ला करना ही पर्याप्त नहीं है। रोजाना जीभ की अच्छी तरह सफाई करना भी जरूरी है। दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें, क्योंकि मुंह में सूखापन भी बदबू को बढ़ा सकता है।
इसके अलावा, दांतों के बीच फंसे भोजन को साफ करने के लिए फ्लॉस का इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर मुंह से बदबू लगातार बनी रहती है या इसके साथ दांतों में दर्द, मसूड़ों से खून आना या सूजन जैसी समस्या है, तो डेंटिस्ट से सलाह लेना बेहतर रहेगा।