Throat Pain Relief: गले की खराश और सूजन से छुटकारा दिलाएंगे ये किचन सीक्रेट्स, जानें इस्तेमाल का तरीका
बदलते मौसम में गले में खराश, दर्द और जलन की समस्या आम हो जाती है। वायरल या बैक्टीरियल इंफेक्शन के अलावा बहुत ठंडी या गर्म चीजें, मसालेदार भोजन और कमजोर इम्युनिटी भी गले की परेशानी को बढ़ा सकती है। ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय गले को आराम पहुंचाने में मदद कर सकते हैं। एक्सपर्ट डॉ. हंसाजी योगेंद्र ने गले की तकलीफ के दौरान कुछ प्राकृतिक चीजों के इस्तेमाल के बारे में बताया है।
तुलसी और गिलोय से मिल सकती है राहत
एक्सपर्ट के मुताबिक, तुलसी का इस्तेमाल पारंपरिक रूप से इम्युनिटी को सपोर्ट करने और तनाव कम करने के लिए किया जाता है। वहीं, गिलोय में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। हालांकि, किसी भी प्राकृतिक चीज का सेवन अपनी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखकर ही करना चाहिए।
शहद से गले को मिल सकता है आराम
गले में खराश और जलन होने पर शहद राहत देने में मदद कर सकता है। एक्सपर्ट ने थोड़े से गुनगुने पानी में कुछ बूंद शहद मिलाकर लेने की सलाह दी है। इससे गले की जलन और बेचैनी को कम करने में मदद मिल सकती है। ध्यान रखें कि एक साल से कम उम्र के बच्चों को शहद नहीं देना चाहिए।
लहसुन और गुनगुना पानी भी हो सकता है फायदेमंद
एक्सपर्ट के अनुसार, लहसुन में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-फंगल और एंटी-वायरल गुण बताए जाते हैं। इसके अलावा दिनभर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में गुनगुना पानी पीते रहने से गला नम रखने में मदद मिल सकती है।
खान-पान का रखें खास ध्यान
गले में खराश या दर्द होने पर कुछ समय के लिए बहुत ज्यादा तला-भुना और मसालेदार खाना खाने से बचें। पर्याप्त आराम करें और शरीर को हाइड्रेट रखें। अगर तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, निगलने में ज्यादा दर्द हो या गले की समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लें। घरेलू उपाय गंभीर संक्रमण का इलाज नहीं हैं।