प्रेस पर जमी काली परत मिनटों में होगी गायब! किचन की इन 2 चीज़ों से चमकाएं जली हुई स्त्री
कपड़ों पर प्रेस करते समय कई बार ज्यादा तापमान की वजह से कपड़ा प्रेस की नीचे वाली प्लेट से चिपक जाता है। इससे प्रेस की प्लेट पर काले और जले हुए निशान पड़ जाते हैं। शुरुआत में ये दाग छोटे नजर आते हैं, लेकिन समय के साथ इन पर गंदगी और जले हुए कपड़े की परत जमती जाती है।
अगर प्रेस को समय पर साफ न किया जाए, तो यही कालिख अगले कपड़े पर भी चिपक सकती है। इससे साफ-सुथरे कपड़े खराब होने के साथ-साथ प्रेस से जलने जैसी बदबू भी आने लगती है। अगर आपकी प्रेस की प्लेट भी काली पड़ गई है, तो कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से इसे साफ किया जा सकता है।
नंबर 1- नमक से करें प्रेस की सफाई
प्रेस की प्लेट पर जमी हल्की कालिख को हटाने के लिए नमक का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले प्रेस को बिना स्टीम के हल्का गर्म करें। इसके बाद उसका स्विच बंद करके प्लग निकाल दें।
अब किसी लकड़ी के बोर्ड या मोटे कपड़े पर पर्याप्त मात्रा में नमक फैलाएं। हल्की गर्म प्रेस को नमक के ऊपर करीब एक मिनट तक बहुत सावधानी से गोल-गोल घुमाएं। अगर नमक काला पड़ने लगे तो उसे बदलकर प्रक्रिया दोबारा कर सकते हैं।
सफाई के बाद प्रेस को पूरी तरह ठंडा होने दें और माइक्रोफाइबर कपड़े से प्लेट पर बचे नमक और गंदगी को अच्छी तरह साफ कर दें।
नंबर 2- बेकिंग सोडा से हटाएं जले हुए निशान
प्रेस की प्लेट पर जमी गंदगी और जले हुए दाग को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए 2 भाग बेकिंग सोडा और 1 भाग पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें।
अब प्रेस की प्लेट पर इस पेस्ट की पतली परत लगाएं और एक साफ, मुलायम टूथब्रश की मदद से धीरे-धीरे रगड़ें। ध्यान रखें कि पेस्ट प्रेस के स्टीम होल्स के अंदर न जाए। इसके बाद गीले माइक्रोफाइबर कपड़े से पूरी प्लेट को अच्छी तरह पोंछ दें।
नंबर 3- पैरासिटामोल से भी हट सकती है कालिख
कुछ लोग प्रेस की प्लेट पर जमी जिद्दी गंदगी हटाने के लिए पैरासिटामोल टैबलेट का इस्तेमाल भी करते हैं। इसके लिए प्रेस को हल्का गर्म करने के बाद प्लग जरूर निकाल दें।
अब चिमटी की मदद से पैरासिटामोल टैबलेट को गर्म प्लेट पर हल्के हाथ से रगड़ें। गर्मी के कारण टैबलेट पिघलकर जमी हुई गंदगी को ढीला करने में मदद कर सकती है। इसके बाद प्रेस को ठंडा होने दें और माइक्रोफाइबर कपड़े से प्लेट को साफ कर लें।
हालांकि, इस तरीके में विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। गर्म प्रेस को हाथ से सीधे न छुएं और सफाई के दौरान हाथों को प्लेट से दूर रखें।
सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान
- प्रेस की सफाई शुरू करने से पहले उसका प्लग जरूर निकाल दें।
- गर्म प्रेस को हाथ से सीधे छूने की कोशिश न करें।
- प्लेट को साफ करने के लिए चाकू, ब्लेड या किसी नुकीली वस्तु का इस्तेमाल न करें।
- प्रेस के स्टीम होल्स में बेकिंग सोडा या कोई दूसरा पेस्ट न जाने दें।
- सफाई के लिए मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें।
- किसी भी घरेलू नुस्खे को आजमाने से पहले प्रेस के निर्माता की सफाई संबंधी गाइडलाइन देख लेना बेहतर है।
इन छोटी-छोटी सावधानियों को ध्यान में रखकर आप प्रेस की प्लेट पर जमा गंदगी को साफ रख सकते हैं और कपड़ों पर कालिख लगने की समस्या से भी बच सकते हैं।