कैमरे के सामने रोमांस करना ही सच्चा प्यार नहीं! शाहिद कपूर ने समझाया दिखावे और दिल से निभाए रिश्ते का फर्क
किसी पार्टी में पति अपनी पत्नी का हाथ पकड़कर चल रहा हो, उसका गाउन संभाल रहा हो या उसके लिए कार का दरवाजा खोल रहा हो, तो देखकर लगता है कि दोनों के बीच कितना प्यार है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो इंसान सबके सामने इतना रोमांटिक नजर आता है, क्या वह घर पर भी अपनी पत्नी का उतना ही ख्याल रखता है? क्या वह उसकी परेशानियां समझता है, उसकी बातें ध्यान से सुनता है और जरूरत पड़ने पर बिना कहे मदद करता है?
दरअसल, किसी भी रिश्ते में प्यार की असली पहचान कैमरे के सामने किए गए रोमांटिक इशारों से नहीं, बल्कि उन छोटी-छोटी बातों से होती है, जो पार्टनर के लिए तब की जाती हैं जब आसपास कोई देखने वाला नहीं होता। अभिनेता शाहिद कपूर ने भी एक वीडियो के जरिए दिखावे वाले प्यार और दिल से निभाए जाने वाले रिश्ते के बीच का फर्क समझाया है।
कैमरे के सामने प्यार, लेकिन अकेले में बेरुखी
कई बार लोग दूसरों के सामने अपने पार्टनर के लिए बहुत प्यार और परवाह दिखाते हैं। सोशल मीडिया पर रोमांटिक तस्वीरें शेयर करना, महंगे गिफ्ट देना या किसी पार्टी में पार्टनर का खास ख्याल रखना उन्हें अच्छा लगता है। लेकिन घर पहुंचने के बाद उनका व्यवहार बिल्कुल बदल जाता है।
वे पार्टनर की बातें सुनने में दिलचस्पी नहीं दिखाते, उसकी परेशानियों को नजरअंदाज करते हैं और घर की जिम्मेदारियों में भी हाथ नहीं बंटाते। इसे दिखावे वाला प्यार या परफॉर्मिंग इमोशन कहा जा सकता है। इसमें पार्टनर की खुशी से ज्यादा दूसरों की तारीफ और वाहवाही मायने रखती है।
बिना कैमरे के भी प्यार जताना जरूरी
इसके उलट, दिल से प्यार जताने का मतलब है कि आप अपने पार्टनर की जरूरतों और भावनाओं को समझें। इसके लिए किसी पार्टी, कैमरे या सोशल मीडिया पोस्ट की जरूरत नहीं होती।
मिसाल के तौर पर, अगर आपकी पत्नी दिनभर काम करके थक गई है और आप बिना कहे उसके लिए चाय बना देते हैं, तो यह भी प्यार जताने का एक तरीका है। वह कहीं जा रही है और आप उसका भारी बैग उठा लेते हैं। उसकी तबीयत खराब है, तो घर के कामों की जिम्मेदारी खुद संभाल लेते हैं।
ये छोटे-छोटे काम भले ही सोशल मीडिया पर दिखाई न दें, लेकिन पार्टनर को यह एहसास जरूर कराते हैं कि कोई उसकी परवाह करता है और मुश्किल वक्त में उसके साथ खड़ा है।
शाहिद कपूर की बात हर कपल को समझनी चाहिए
शाहिद कपूर के वीडियो में समझाया गया संदेश यही है कि प्यार का मतलब सिर्फ उसे दिखाना नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में उसे महसूस कराना भी है। किसी रिश्ते में बड़े-बड़े वादों और महंगे तोहफों से ज्यादा अहमियत कई बार उन छोटी कोशिशों की होती है, जो पार्टनर को भावनात्मक रूप से सुरक्षित महसूस कराती हैं।
अगर आप अपने पार्टनर की बात ध्यान से सुनते हैं, उसकी भावनाओं को समझते हैं और बिना किसी स्वार्थ के उसका साथ देते हैं, तो यही रिश्ते में सच्चे प्यार की पहचान है।
हर खूबसूरत पल सोशल मीडिया पर दिखाना जरूरी नहीं
आजकल कपल्स के बीच सोशल मीडिया पर प्यार जाहिर करने का चलन काफी बढ़ गया है। साथ घूमने की तस्वीरें, रोमांटिक वीडियो और एक-दूसरे के लिए खास पोस्ट शेयर करना गलत नहीं है। लेकिन प्यार साबित करने के लिए हर निजी पल को दुनिया के सामने रखना जरूरी भी नहीं है।
कई बार बिना फोटो खिंचवाए पार्टनर का हाथ पकड़ना, उदास होने पर उसे गले लगाना या मुश्किल समय में उसके साथ खड़े रहना ज्यादा मायने रखता है। इन पलों पर भले ही कोई लाइक या कमेंट न मिले, लेकिन ये रिश्ते को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
खुद से पूछें ये सवाल
किसी भी रिश्ते को समझने के लिए खुद से एक सवाल जरूर पूछना चाहिए- क्या आप अपने पार्टनर का ख्याल तब भी रखेंगे, जब आसपास कोई देखने वाला नहीं होगा? क्या आप उसकी मदद सिर्फ इसलिए करते हैं क्योंकि आप उससे प्यार करते हैं या इसलिए कि दूसरे लोग आपकी तारीफ करें?
याद रखिए, अच्छा पति या अच्छी पत्नी वह नहीं है जो दुनिया के सामने सबसे ज्यादा प्यार दिखाए। असली साथी वह है जो अकेले में भी उतनी ही परवाह करे, जितनी सबके सामने करता है। क्योंकि रिश्ते की खूबसूरती दूसरों की तारीफ में नहीं, बल्कि इस बात में है कि आपका पार्टनर आपके साथ कितना खुश और सुरक्षित महसूस करता है।