Office Friendship Tips: ऑफिस में दोस्ती रखें, लेकिन परिवार की ये 5 बातें किसी से न करें शेयर, वरना बाद में हो सकती है परेशानी
ऑफिस में दोस्त बनना अच्छी बात है। साथ काम करते-करते जब किसी सहकर्मी से अच्छी बॉन्डिंग हो जाती है, तो काम का माहौल भी खुशनुमा बन जाता है। कभी चाय पर गपशप होती है तो कभी लंच ब्रेक में घर-परिवार की बातें होने लगती हैं। लेकिन कई बार दोस्ती के दौरान लोग अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी ऐसी बातें भी साझा कर देते हैं, जिन्हें दूसरों तक पहुंचना नहीं चाहिए।
घर में पति-पत्नी के बीच चल रही अनबन, सास-बहू के झगड़े, परिवार की आर्थिक स्थिति या किसी सदस्य की निजी परेशानी जैसी बातें ऑफिस में शेयर करना आगे चलकर मुश्किल खड़ी कर सकता है। जरूरी नहीं कि ऑफिस में आपका हर दोस्त आपकी निजी बातों को गोपनीय रखे। कई बार अनजाने में यही बातें गॉसिप का हिस्सा बन जाती हैं।इसलिए ऑफिस में दोस्ती और हंसी-मजाक जरूर करें, लेकिन परिवार से जुड़ी कुछ बातों को निजी रखना ही बेहतर है। आइए जानते हैं ऐसी 5 बातें, जिन्हें ऑफिस के दोस्तों के साथ साझा करने से बचना चाहिए।
1. पति-पत्नी के झगड़े को ऑफिस की गॉसिप न बनाएं
पति-पत्नी के बीच छोटी-मोटी बहस होना आम बात है। कभी किसी बात पर नाराजगी हो जाती है तो कभी कई दिनों तक बातचीत भी बंद हो सकती है। ऐसे में ऑफिस पहुंचकर किसी करीबी सहकर्मी को घर की पूरी कहानी बताने से बचें।
हो सकता है कि उस समय अपनी परेशानी साझा करने से आपका मन हल्का हो जाए, लेकिन बाद में यही बातें दूसरे कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बन सकती हैं। इतना ही नहीं, लोग आपके पार्टनर के बारे में भी अपनी राय बनाने लग सकते हैं। इसलिए रिश्ते से जुड़ी निजी समस्याओं को ऑफिस की बातचीत का हिस्सा बनाने के बजाय भरोसेमंद व्यक्ति या सही विशेषज्ञ से साझा करना बेहतर है।
2. परिवार की कमाई और खर्चों का हिसाब न बताएं
आपकी सैलरी कितनी है, पार्टनर कितना कमाते हैं, घर पर हर महीने कितना खर्च होता है, कितना लोन चल रहा है और कितनी बचत है, ये सभी निजी वित्तीय जानकारियां हैं।
कई बार बातचीत के दौरान लोग बिना सोचे-समझे परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में सब कुछ बता देते हैं। बाद में यही जानकारी तुलना, बेवजह के सवालों और टिप्पणियों की वजह बन सकती है। इसलिए अपनी कमाई, सेविंग, कर्ज और घर के खर्चों का पूरा हिसाब ऑफिस के दोस्तों को बताने से बचें।
3. सास-बहू और रिश्तेदारों के झगड़े न सुनाएं
घर में सास से अनबन है, ननद किसी बात पर टोकती है या किसी रिश्तेदार के साथ विवाद चल रहा है, तो इन बातों को ऑफिस में विस्तार से बताना सही नहीं है।
आप जिस बात को अपने दोस्त के साथ सिर्फ मन हल्का करने के लिए साझा कर रहे हैं, हो सकता है वही बात आगे चलकर कई लोगों तक पहुंच जाए। घर के रिश्तों से जुड़ी बातें कई बार ऑफिस में मजाक और गॉसिप का विषय बन जाती हैं। इसलिए परिवार के सदस्यों की शिकायतें हर सहकर्मी के सामने करने से बचें।
4. परिवार के किसी सदस्य की निजी परेशानी शेयर न करें
परिवार में किसी की तबीयत खराब है, कोई नौकरी की तलाश कर रहा है या कोई सदस्य आर्थिक अथवा व्यक्तिगत मुश्किलों से गुजर रहा है, तो उसकी पूरी जानकारी ऑफिस में बताने से बचना चाहिए।
याद रखें कि परिवार के दूसरे सदस्यों की भी अपनी प्राइवेसी होती है। जरूरी नहीं कि वे चाहें कि उनकी निजी समस्याओं के बारे में ऑफिस के लोगों को पता चले। इसलिए किसी दूसरे व्यक्ति की परेशानी साझा करने से पहले उसकी सहमति और निजता का ध्यान जरूर रखें।
5. परिवार की भविष्य की योजनाएं हर किसी को न बताएं
आप नया घर खरीदने वाले हैं, परिवार के साथ दूसरे शहर में शिफ्ट होने की योजना बना रहे हैं या घर में किसी की शादी की तैयारी चल रही है, तो हर बात ऑफिस में बताना जरूरी नहीं है।
कई बार किसी योजना के बारे में पहले ही सबको बता देने पर लोग बिना मांगे सलाह देने लगते हैं। कोई आपके फैसले पर सवाल उठाता है तो कोई बेवजह टिप्पणी करने लगता है। इसलिए जब तक परिवार का कोई बड़ा फैसला पूरी तरह तय न हो जाए, उससे जुड़ी जानकारी सीमित लोगों तक ही रखना बेहतर है।
ऑफिस में दोस्ती और निजी जिंदगी के बीच बनाएं संतुलन
ऑफिस में अच्छे दोस्त होना जरूरी नहीं कि आपकी निजी जिंदगी की हर बात उनके साथ साझा करना भी जरूरी हो। दोस्ती में भरोसा रखें, लेकिन अपनी सीमाएं भी तय करें। किसी की बात सुनना और जरूरत पड़ने पर उसका साथ देना अच्छी बात है, लेकिन अपनी और परिवार की गोपनीयता का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।