☰
×

नए रिश्ते में हर छोटी बात पर सोचने लगते हैं लोग, पहली डेट से लेकर मैसेज के रिप्लाई तक दिमाग में घूमते हैं ये 5 सवाल

 

किसी नए रिश्ते की शुरुआत बेहद खूबसूरत और रोमांचक होती है। इस दौरान दो लोग एक-दूसरे को समझने और जानने की कोशिश करते हैं। हालांकि, इस नए एहसास के साथ कई तरह की उलझनें और सवाल भी मन में आने लगते हैं। कभी सामने वाले के मैसेज का इंतजार रहता है, तो कभी यह जानने की उत्सुकता होती है कि वह भी आपके बारे में वैसा ही सोचता है या नहीं।

कई बार एक छोटा-सा मैसेज भेजने से पहले भी लोग कई बार सोचते हैं। पहली मुलाकात के बाद बातचीत को याद करना और सामने वाले के व्यवहार का मतलब निकालना भी आम बात है। रिलेशनशिप की शुरुआत में छोटी-छोटी बातें जरूरत से ज्यादा सोचने की वजह बन जाती हैं। आइए जानते हैं ऐसी 5 बातें, जिनके बारे में नए रिश्ते में लोग अक्सर ओवरथिंकिंग करने लगते हैं।

1. पहले मैसेज कौन करेगा?

नए रिश्ते में सबसे आम उलझन होती है कि बातचीत की शुरुआत कौन करे। आप सामने वाले से बात करना चाहते हैं, लेकिन मन में यह डर भी रहता है कि कहीं हमेशा पहल आपको ही न करनी पड़े।

कई बार लोग चैट खोलकर मैसेज टाइप भी कर लेते हैं, लेकिन भेजने से पहले ही उसे डिलीट कर देते हैं। उन्हें लगता है कि सामने वाला खुद मैसेज क्यों नहीं कर रहा। दिलचस्प बात यह है कि हो सकता है दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति भी इसी इंतजार में बैठा हो कि पहले मैसेज कौन करेगा।

2. मैसेज का रिप्लाई आने में इतनी देर क्यों हुई?

नए रिश्ते में मैसेज के रिप्लाई का इंतजार भी कई सवाल खड़े कर देता है। मान लीजिए आपने सुबह 11 बजे मैसेज किया और सामने वाले का जवाब दोपहर 3 बजे आया। इसके बाद दिमाग में कई तरह की बातें आने लगती हैं।

क्या वह काम में व्यस्त था? क्या उसने मैसेज देख लिया था और जवाब देना भूल गया? क्या उसका इंटरेस्ट कम हो रहा है या फिर वह जानबूझकर देर से जवाब दे रहा है? कई बार देरी की वजह सिर्फ व्यस्तता होती है, लेकिन लोग इसका मतलब निकालने में काफी समय लगा देते हैं।

3. कहीं मैं बातचीत में बोरिंग तो नहीं था?

पहली डेट या फोन कॉल खत्म होने के बाद कई लोग अपनी पूरी बातचीत को दोबारा याद करने लगते हैं। उन्हें चिंता होने लगती है कि कहीं उन्होंने जरूरत से ज्यादा बातें तो नहीं कर दीं या उनका मजाक सामने वाले को पसंद आया भी था या नहीं।

कभी उन्हें लगता है कि बातचीत के दौरान कोई बात अजीब हो गई थी, तो कभी वे सोचते हैं कि उन्हें कुछ और दिलचस्प बातें करनी चाहिए थीं। जबकि जरूरी नहीं कि सामने वाला भी बातचीत को उसी तरह याद कर रहा हो।

4. क्या सामने वाला भी मुझे उतना ही पसंद करता है?

नए रिश्ते में यह सवाल सबसे ज्यादा परेशान कर सकता है। आप किसी को पसंद करने लगते हैं, लेकिन यह समझ नहीं पाते कि सामने वाले की भावनाएं भी वैसी ही हैं या नहीं।

उसका बातचीत करने का तरीका, मिलने की इच्छा और छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना आपको कई संकेत देने लगता है। कभी एक प्यारा मैसेज उम्मीद बढ़ा देता है, तो कभी थोड़ी दूरी मन में शक पैदा कर देती है।

5. अगली मुलाकात कब होगी और क्या वह खुद पूछेगा?

पहली डेट अच्छी गुजरने के बाद ज्यादातर लोग अगली मुलाकात के बारे में सोचने लगते हैं। मन में उम्मीद रहती है कि सामने वाला खुद मिलने के लिए पूछेगा। लेकिन जब कई दिन तक कोई प्लान नहीं बनता, तो तरह-तरह के सवाल आने लगते हैं।

क्या उसे पहली मुलाकात पसंद नहीं आई? क्या वह दोबारा मिलना चाहता है या फिर मुझे ही पहल करनी चाहिए? ऐसे सवाल नए रिश्ते में उत्सुकता और बेचैनी दोनों बढ़ा सकते हैं।