Relationship Tips: पहली मुलाकात में भूलकर भी न दें इन 4 चीजों की सफाई, इंप्रेशन पर पड़ सकता है बुरा असर
पहली डेट को लेकर नर्वस होना बिल्कुल आम बात है। ऐसे में कई लोग सामने वाले पर अच्छा इंप्रेशन डालने के चक्कर में अपनी हर बात को जरूरत से ज्यादा एक्सप्लेन करने लगते हैं। सामने वाला कोई छोटा सा सवाल पूछे तो उसके जवाब में लंबी कहानी बताना शुरू कर देते हैं।हालांकि, जरूरत से ज्यादा सफाई देना कई बार आपके आत्मविश्वास को कमजोर दिखा सकता है। पहली डेट का मकसद एक-दूसरे को समझना और सहज बातचीत करना है, न कि हर बात का हिसाब देना। ऐसे में कुछ सवालों के जवाब देते समय ज्यादा सफाई देने से बचना बेहतर है।
1. अपनी बाउंड्रीज को लेकर ज्यादा सफाई न दें
अगर पहली डेट पर आप अपनी कुछ बाउंड्रीज सामने वाले को बताना चाहते हैं, तो बिल्कुल स्पष्ट होकर बताएं। लेकिन अपनी पसंद या सीमाओं को लेकर लंबी सफाई देने की जरूरत नहीं है।आप बस इतना कह सकते हैं कि, “मैं इसमें कंफर्टेबल महसूस नहीं करता/करती।” अपनी पसंद और व्यक्तिगत सीमाओं के लिए किसी दूसरे व्यक्ति की मंजूरी जरूरी नहीं है।
2. “आप अभी तक सिंगल क्यों हैं?”
पहली डेट पर अगर सामने वाला पूछता है कि आप अभी तक सिंगल क्यों हैं, तो इसका जवाब देते समय खुद को सही साबित करने की जरूरत नहीं है।आप करियर पर फोकस कर रहे हों, किसी पुराने रिश्ते से बाहर आए हों, अकेले रहना पसंद करते हों या अभी तक सही पार्टनर न मिला हो—इनमें से कोई भी वजह हो सकती है।अगर आप सहज महसूस करें तो अपनी कहानी शेयर कर सकते हैं, लेकिन अपने सिंगल होने को लेकर लंबी सफाई देना जरूरी नहीं है।
3. “आपकी लाइफ में सब ठीक क्यों नहीं है?”
हर व्यक्ति की जिंदगी और परिस्थितियां अलग होती हैं। अगर पहली डेट पर सामने वाला आपकी जिंदगी, परेशानियों या भविष्य को लेकर सवाल पूछता है, तो ईमानदारी से जवाब देना अच्छी बात है।लेकिन अपनी जिंदगी के हर फैसले को साबित करने या सामने वाले को समझाने की जरूरत नहीं है। जितना जरूरी और सहज लगे, उतना ही शेयर करें।
4. “रिप्लाई देने में इतना समय क्यों लगा?”
कभी-कभी काम, पढ़ाई या दूसरी जिम्मेदारियों की वजह से किसी मैसेज का जवाब तुरंत देना संभव नहीं होता। ऐसे में अगर सामने वाला पूछता है कि रिप्लाई करने में इतना समय क्यों लगा, तो सामान्य तरीके से अपनी वजह बता सकते हैं।हर छोटी बात को लेकर लंबी सफाई देने की जरूरत नहीं है। पहली डेट किसी पूछताछ या जांच-पड़ताल की तरह नहीं होनी चाहिए। इसका मकसद एक-दूसरे को जानना, बातचीत करना और यह समझना है कि आप दोनों एक-दूसरे के साथ कितना सहज महसूस करते हैं।
ज्यादा सफाई देने के बजाय रहें कॉन्फिडेंट
पहली डेट पर सबसे जरूरी है कि आप खुद को किसी और की पसंद के हिसाब से साबित करने की कोशिश न करें। अपनी बात स्पष्ट रखें, सामने वाले की बात सुनें और जहां जरूरत हो वहां अपनी सीमाएं तय करें। आत्मविश्वास के साथ दिया गया छोटा और स्पष्ट जवाब कई बार लंबी सफाई से बेहतर इंप्रेशन छोड़ता है।