ब्रेकअप के बाद पुरानी यादें कर रही हैं परेशान? इन टिप्स की मदद से लाइफ में आगे बढ़ें
लंबे समय तक चले रिश्ते के बाद ब्रेकअप होना किसी भी व्यक्ति के लिए भावनात्मक रूप से मुश्किल हो सकता है। इस दौरान एक साथ कई तरह की भावनाएं महसूस होना सामान्य है। अकेलापन, पुराने पलों की याद, चिड़चिड़ापन और उदासी जैसी भावनाएं कुछ समय तक परेशान कर सकती हैं।
ब्रेकअप आपकी सहमति से हुआ हो, तब भी कुछ दिनों तक दुखी महसूस करना स्वाभाविक है। ऐसे समय में खुद को दोष देने या पुराने रिश्ते में उलझे रहने की बजाय धीरे-धीरे अपनी जिंदगी पर ध्यान देना जरूरी है। कुछ आसान आदतें आपको इस दौर से बाहर निकलने में मदद कर सकती हैं।
खुद को दोष न दें
ब्रेकअप के बाद कई लोग बार-बार सोचते हैं कि आखिर उनसे कहां गलती हुई। हर रिश्ते का खत्म होना किसी एक व्यक्ति की गलती नहीं होता। इसलिए खुद को लगातार दोष देने से बचें।
अपना ध्यान उन कामों में लगाएं जिन्हें करने में आपको खुशी मिलती है। दोस्तों और परिवार के साथ समय बिताएं। खुद को लंबे समय तक अकेले कमरे में बंद रखने की बजाय लोगों के बीच रहने की कोशिश करें। किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करने से मन हल्का महसूस हो सकता है।
एक्स की फोटो और सोशल मीडिया से बनाएं दूरी
ब्रेकअप के बाद बार-बार एक्स की तस्वीरें देखना या उनका सोशल मीडिया चेक करना पुरानी यादों को और मजबूत कर सकता है। इससे आगे बढ़ना मुश्किल हो सकता है।
याद आना स्वाभाविक है, लेकिन बार-बार उनकी प्रोफाइल देखने की आदत से बचें। जरूरत लगे तो कुछ समय के लिए उन्हें म्यूट या अनफॉलो कर सकते हैं। इस दौरान दोस्तों के साथ बाहर जाएं, घूमने का प्लान बनाएं या कोई नया काम सीखने की कोशिश करें।
खाने-पीने का रखें ध्यान
ब्रेकअप के बाद तनाव और उदासी के कारण कुछ लोग ज्यादा खाने लगते हैं, जबकि कुछ लोग खाना ही छोड़ देते हैं। दोनों ही स्थितियां सेहत के लिए अच्छी नहीं हैं।
इसलिए इस दौरान भी संतुलित और पौष्टिक भोजन करें। पर्याप्त पानी पिएं और अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या को जितना हो सके सामान्य बनाए रखें। अच्छी डाइट शरीर के साथ-साथ मूड को भी बेहतर रखने में मदद कर सकती है।
पुरानी यादों में फंसने की बजाय खुद पर दें ध्यान
एक्स के साथ बिताए पलों की याद आना सामान्य है। लेकिन हर बार उन यादों में खो जाने की बजाय अपना ध्यान किसी दूसरे काम में लगाने की कोशिश करें।
फिल्म देखना, किताब पढ़ना, एक्सरसाइज करना, दोस्तों से मिलना, घूमने जाना या कोई नया हॉबी शुरू करना मददगार हो सकता है। खुद को समय दें और यह समझें कि मूव ऑन करना एक प्रक्रिया है, जो हर व्यक्ति के लिए अलग-अलग समय ले सकती है।
सबसे जरूरी बात यह है कि ब्रेकअप के बाद खुद को कमजोर न समझें। रिश्ते का खत्म होना जिंदगी का अंत नहीं है। धीरे-धीरे अपनी दिनचर्या, पसंद और भविष्य पर ध्यान देकर आप आगे बढ़ सकते हैं।