डिटर्जेंट नहीं, चूल्हे की राख से धोए जाते थे कपड़े! जानिए पुराने जमाने का यह देसी तरीका
आज कपड़ों की सफाई के लिए बाजार में कई तरह के डिटर्जेंट पाउडर और लिक्विड उपलब्ध हैं। लेकिन पुराने समय में जब ये चीजें नहीं हुआ करती थीं, तब लोग कपड़े साफ करने के लिए प्राकृतिक तरीकों का इस्तेमाल करते थे। ऐसा ही एक पारंपरिक तरीका है चूल्हे की लकड़ी की राख से कपड़े धोना। पहाड़ी इलाकों में कुछ जगहों पर आज भी इस तरीके का इस्तेमाल किया जाता है।डिजिटल क्रिएटर प्रियंका मोगता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर इस देसी तरीके के बारे में बताया है। उनके मुताबिक, लकड़ी जलने के बाद बचने वाली राख को सिर्फ बेकार समझकर फेंका नहीं जाता, बल्कि इसका इस्तेमाल सफाई के लिए भी किया जाता है। आइए जानते हैं कैसे तैयार किया जाता है राख वाला पानी और किस तरह इससे कपड़े धोए जाते हैं।
चूल्हे की राख से कैसे तैयार होता है सफाई का घोल?
लकड़ी की राख में कुछ क्षारीय तत्व मौजूद होते हैं, जो पानी में घुलकर ऐसा घोल बना सकते हैं जो चिकनाई और हल्की गंदगी हटाने में मदद करता है। इसी वजह से पुराने समय में लोग राख से बने पानी का इस्तेमाल कपड़ों की सफाई के लिए करते थे।
इस तरह बनाएं राख वाला पानी
-
सबसे पहले राख इकट्ठा करें: चूल्हे से पूरी तरह ठंडी हो चुकी साफ लकड़ी की राख निकाल लें। गर्म राख का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
-
राख को छान लें: अब राख को बारीक छलनी से छानें, ताकि उसमें मौजूद कोयले के टुकड़े और बड़े कण निकल जाएं।
-
पानी में मिलाकर रखें: एक बाल्टी में पानी लेकर उसमें छनी हुई राख डालें। इसे अच्छी तरह मिलाकर ढक दें और रातभर के लिए छोड़ दें।
-
अगली सुबह पानी अलग करें: रातभर में राख बाल्टी के निचले हिस्से में बैठ जाएगी। अब ऊपर मौजूद पानी को बिना हिलाए धीरे-धीरे दूसरी बाल्टी में निकाल लें।
-
कपड़े से दोबारा छानें: इस पानी को साफ सूती कपड़े की मदद से छान लें, ताकि राख के बारीक कण भी अलग हो जाएं। इस तरह सफाई के लिए राख वाला पानी तैयार हो जाएगा।
राख वाले पानी से कैसे साफ करें कपड़े?
तैयार किए गए पानी को किसी बड़े बर्तन या परात में निकाल लें। इसमें कपड़े डालकर हल्के हाथों से रगड़ें, ताकि उन पर लगी हल्की गंदगी और चिकनाई निकल सके। सफाई के बाद कपड़ों को सामान्य साफ पानी से अच्छी तरह धो लें।
इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
राख से बना पानी क्षारीय हो सकता है, इसलिए इसे हर तरह के कपड़ों पर इस्तेमाल करना सही नहीं है। रेशम, ऊन और नाजुक कपड़ों पर इसका इस्तेमाल न करें। पहले किसी पुराने कपड़े के छोटे हिस्से पर जांच कर लें। इसके अलावा, राख के पानी को त्वचा और आंखों से दूर रखें। यह तरीका हल्की गंदगी के लिए आजमाया जा सकता है, लेकिन हर तरह के दाग या कपड़ों की सफाई में डिटर्जेंट का विकल्प नहीं है।