☰
×

घर पर ही साफ करें ब्लेजर और ऊनी कोट, ड्राई क्लीनिंग पर नहीं खर्च करने पड़ेंगे पैसे; जानें आसान तरीका

 

सर्दियों का मौसम आते ही कोट, ब्लेजर और दूसरे ऊनी कपड़ों का इस्तेमाल बढ़ जाता है। खासकर ऑफिस जाने वाले लोग और पार्टी में ब्लेजर पहनने वाले लोग इन कपड़ों का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। लेकिन इनकी सफाई करना आसान नहीं होता। आमतौर पर लोग ब्लेजर और कोट को साफ कराने के लिए ड्राई क्लीनिंग का सहारा लेते हैं, जिसमें हर बार अच्छी-खासी रकम खर्च होती है।

अगर आप भी बार-बार ड्राई क्लीनिंग के खर्च से बचना चाहते हैं, तो कुछ कपड़ों की सफाई घर पर भी कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर संगीता त्यागी के यूट्यूब चैनल @Sangeetatyagivlogs पर घर पर कपड़े साफ करने का एक तरीका बताया गया है। आइए जानते हैं इसकी पूरी प्रक्रिया।

घर पर कपड़े साफ करने के लिए तैयार करें घोल

घर पर ब्लेजर या कोट साफ करने के लिए सबसे पहले एक बड़ा टब लें और उसमें सामान्य पानी भरें। अब पानी में एक चम्मच डिटर्जेंट पाउडर या लिक्विड डिटर्जेंट, एक चम्मच शैंपू और एक पैकेट इनो मिलाएं।

इन सभी चीजों को पानी में अच्छी तरह घोल लें। इसके बाद ब्लेजर या कोट को इस मिश्रण में डालकर करीब 15 से 20 मिनट तक भिगोकर रखें। इससे कपड़ों पर जमा धूल और गंदगी ढीली हो सकती है।

कॉलर और कफ को हल्के हाथों से करें साफ

कपड़ों को भिगोने के बाद कॉलर, आस्तीन के कफ और ज्यादा गंदे हिस्सों पर ध्यान दें। इन जगहों को हाथों से हल्के-हल्के रगड़कर साफ करें।

ध्यान रखें कि ब्लेजर और कोट पर तेज हाथों से रगड़ाई न करें। हार्ड ब्रश का इस्तेमाल करने से भी बचें, क्योंकि इससे कपड़े के रेशे और उसकी फिनिशिंग खराब हो सकती है।

साफ पानी से धोने के बाद करें कंडीशनर का इस्तेमाल

कपड़ों की सफाई के बाद उन्हें 2 से 3 बार साफ पानी में धो लें, ताकि डिटर्जेंट और शैंपू पूरी तरह निकल जाएं।

इसके बाद एक अलग टब में साफ पानी लेकर उसमें दो चम्मच हेयर कंडीशनर मिलाएं। ब्लेजर या कोट को इस पानी में करीब 5 मिनट तक रखें। इसके बाद कपड़े को हल्के हाथों से दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल दें।

कपड़ों को सही तरीके से सुखाना भी जरूरी

कपड़ों से पानी निकालने के बाद उन्हें हैंगर पर टांगकर किसी छायादार और हवादार जगह पर सुखाएं। तेज धूप में सुखाने से कुछ कपड़ों का रंग फीका पड़ सकता है।

कपड़ों को बहुत ज्यादा निचोड़ने या मरोड़ने से बचें, क्योंकि इससे उनकी बनावट और फिटिंग प्रभावित हो सकती है।

इन बातों का रखें खास ध्यान

घर पर सफाई करने का यह तरीका हर तरह के ब्लेजर और कोट के लिए सुरक्षित नहीं है। खासकर ऊन, सिल्क, वेलवेट, लाइनिंग या विशेष फिनिशिंग वाले महंगे कपड़ों को धोने से पहले उनका केयर लेबल जरूर पढ़ें।

अगर कपड़े पर 'ड्राई क्लीन ओनली' लिखा है, तो उसे घर पर पानी में भिगोने से बचें। ऐसे कपड़ों के लिए प्रोफेशनल ड्राई क्लीनिंग बेहतर विकल्प है। किसी भी घरेलू मिश्रण का इस्तेमाल करने से पहले कपड़े के छिपे हुए छोटे हिस्से पर परीक्षण करना भी जरूरी है।