पेट रहेगा लाइट और डाइजेशन सुपरफास्ट! आज ही अपनी रूटीन में शामिल करें ये 5 बेस्ट हर्बल टी
बारिश के मौसम में गर्मागर्म चाय पीने का अपना अलग ही मजा है। लेकिन अगर आप रोजाना दूध वाली चाय के बजाय कुछ हेल्दी और फ्लेवरफुल ऑप्शन तलाश रहे हैं, तो हर्बल और नेचुरल टी को अपने रूटीन में शामिल कर सकते हैं। कुछ खास तरह की चाय पाचन को सपोर्ट करने के साथ शरीर को रिलैक्स महसूस कराने में भी मदद कर सकती हैं।
1. अदरक-पुदीना की चाय
दिन की शुरुआत अदरक और पुदीने से बनी चाय के साथ करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। अदरक को लंबे समय से मतली जैसी परेशानी में इस्तेमाल किया जाता है, जबकि पुदीना अपनी फ्रेश खुशबू और स्वाद के लिए जाना जाता है।
अगर सुबह उठने के बाद जी मिचलाने या पेट से जुड़ी हल्की परेशानी महसूस होती है, तो यह चाय आपको आरामदायक महसूस करा सकती है। साथ ही, अदरक और पुदीना पाचन के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं।
2. लेमन ग्रास टी
पाचन को बेहतर रखने के लिए लेमन ग्रास की चाय भी ट्राई की जा सकती है। इसकी हल्की सिट्रसी खुशबू और खास स्वाद चाय को काफी रिफ्रेशिंग बनाते हैं।
दोपहर के समय जब आपको थोड़ा ब्रेक चाहिए, तब एक कप लेमन ग्रास टी अच्छा ऑप्शन हो सकता है। अगर आपके घर में किचन गार्डन है, तो ताजी लेमन ग्रास की कुछ पत्तियों से भी इसकी चाय तैयार की जा सकती है।
3. नींबू वाली चाय
मानसून में खान-पान में बदलाव की वजह से कुछ लोगों को पेट से जुड़ी परेशानी या भारीपन महसूस हो सकता है। ऐसे में नींबू वाली चाय एक हल्का और रिफ्रेशिंग विकल्प हो सकती है।
इसे बनाने के लिए चाय की पत्तियों को पानी में उबालकर छान लें और फिर इसमें स्वाद के अनुसार नींबू का रस मिलाएं। चाहें तो मिठास के लिए थोड़े शहद का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
4. कैमोमाइल टी
अगर आपको रात में रिलैक्स होने के लिए कोई हल्का पेय चाहिए, तो कैमोमाइल टी आजमा सकते हैं। यह कैमोमाइल फूलों से तैयार की जाती है और आमतौर पर इसे शाम या डिनर के बाद पिया जाता है।
कैमोमाइल टी का इस्तेमाल लोग रिलैक्स महसूस करने और सोने से पहले शांत माहौल बनाने के लिए करते हैं। मानसून की ठंडी शाम में इसका गर्म कप आपको सुकून देने वाला अनुभव दे सकता है।
5. सौंफ की चाय
खाने के बाद पेट भारी लग रहा हो या पाचन को लेकर परेशानी महसूस होती हो, तो सौंफ की चाय एक अच्छा विकल्प हो सकती है। सौंफ का इस्तेमाल पारंपरिक रूप से खाने के बाद किया जाता रहा है।
इसे तैयार करना भी काफी आसान है। सौंफ को पानी में उबालकर छान लें और हल्का गुनगुना रहने पर इसका सेवन करें। सुबह जी मिचलाने जैसी हल्की समस्या में भी कुछ लोगों को सौंफ से आराम महसूस हो सकता है।
चाय पीते समय इन बातों का रखें ध्यान
हर्बल चाय को अपनी डाइट में शामिल करते समय मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है। किसी खास स्वास्थ्य समस्या, एलर्जी या दवा के सेवन की स्थिति में नियमित रूप से किसी हर्बल चाय का इस्तेमाल शुरू करने से पहले डॉक्टर या हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह लेना बेहतर है।