H1N1 (स्वाइन फ्लू) के मरीज भूलकर भी न करें ये गलतियां, एक्सपर्ट्स से जानें क्या करें और क्या नहीं
दिल्ली में इन दिनों H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 20 अगस्त तक राजधानी में इस साल H1N1 के 1,777 मामले सामने आ चुके हैं. अकेले 20 अगस्त को 114 नए संक्रमण की पुष्टि हुई.
बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. हालांकि, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद यानी ICMR के मुताबिक देश में H1N1 का कोई नया स्ट्रेन सामने नहीं आया है. विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा स्थिति मौसमी फ्लू से जुड़ी हुई है. ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन संक्रमण होने पर लापरवाही से बचना जरूरी है.
अगर आप H1N1 से संक्रमित हो चुके हैं, तो सिर्फ दवा लेना ही पर्याप्त नहीं है. बीमारी के दौरान कुछ गलतियां आपकी रिकवरी को प्रभावित कर सकती हैं और संक्रमण के गंभीर होने का खतरा बढ़ा सकती हैं.
पहले H1N1 हो चुका है तो भी न बरतें लापरवाही
अगर आपको पहले भी H1N1 हो चुका है, तो यह मानकर न चलें कि इस बार संक्रमण आसानी से ठीक हो जाएगा. फ्लू वायरस में बदलाव होते रहते हैं और हर संक्रमण का असर अलग हो सकता है.
इसलिए डॉक्टर की सलाह को गंभीरता से लें और शरीर में दिखाई देने वाले लक्षणों पर नजर रखें. जिन लोगों को पहले से सांस, फेफड़ों या अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं, उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.
खुद से दवाएं लेना पड़ सकता है भारी
H1N1 की पुष्टि होने पर पुरानी पर्ची देखकर दवाएं दोबारा शुरू करना या किसी दूसरे व्यक्ति की दवा लेना सही नहीं है. हर मरीज की स्थिति और लक्षण अलग हो सकते हैं.
H1N1 एक वायरल संक्रमण है, इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक शुरू नहीं करनी चाहिए. डॉक्टर जरूरत के मुताबिक एंटीवायरल या दूसरी दवाएं लिख सकते हैं. दवा की मात्रा और कितने दिन लेनी है, यह भी डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही तय करें.
बीमारी में ऑफिस या जिम जाने से बचें
बुखार, शरीर में दर्द और कमजोरी के बावजूद काम या एक्सरसाइज जारी रखना रिकवरी को प्रभावित कर सकता है. बीमारी के दौरान शरीर को पर्याप्त आराम देना जरूरी है.
जब तक बुखार और कमजोरी जैसे लक्षण बने रहें, तब तक भारी एक्सरसाइज और ज्यादा शारीरिक मेहनत से बचें. शरीर को रिकवर होने के लिए पर्याप्त समय दें.
परिवार के दूसरे लोगों को संक्रमण से बचाएं
H1N1 संक्रमित व्यक्ति से दूसरे लोगों तक भी फैल सकता है. इसलिए बीमारी के दौरान केवल अपनी सेहत ही नहीं, बल्कि परिवार के सदस्यों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें.
खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकें, हाथों को नियमित रूप से साफ करें और घर में हवा का वेंटिलेशन अच्छा रखें. संभव हो तो भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें.
ध्यान रखें: अगर सांस लेने में परेशानी, लगातार तेज बुखार, सीने में दर्द, अत्यधिक कमजोरी या हालत बिगड़ने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.