Karwa Chauth 2026: करवा चौथ पर हाथों की खूबसूरती बढ़ाएंगी ये ट्रेंडी चूड़ियां, लटकन से लेकर घुंघरू डिजाइन तक हैं खास
करवा चौथ का त्योहार महिलाओं के लिए सजने-संवरने और अपने लुक को खास बनाने का अवसर होता है। इस दिन खूबसूरत साड़ी या लहंगे के साथ हाथों में रंग-बिरंगी चूड़ियां पूरे लुक में चार चांद लगा देती हैं। यही वजह है कि महिलाएं अपने आउटफिट के साथ मैचिंग चूड़ियों के डिजाइन चुनना पसंद करती हैं।
इस बार प्लेन कांच की चूड़ियों से लेकर जेली बैंगल्स, कश्मीरी घुंघरू बैंगल्स और रेनड्रॉप बैंगल्स जैसे कई डिजाइन ट्रेंड में हैं। वहीं, पर्ल्स, स्टोन वर्क, फ्लोरल पैटर्न और खूबसूरत लटकन वाली चूड़ियां भी फेस्टिव लुक को आकर्षक बना सकती हैं। अगर आप भी करवा चौथ पर अपने हाथों को खूबसूरती से सजाना चाहती हैं, तो इन ट्रेंडी बैंगल्स सेट से आइडिया ले सकती हैं।
1. हाथफूल के साथ चूड़ियों का सेट
करवा चौथ पर अगर आप पारंपरिक और रॉयल लुक चाहती हैं, तो चूड़ियों के साथ हाथफूल पहन सकती हैं। पर्ल्स से सजा हाथफूल लाल, हरी या गुलाबी चूड़ियों के साथ बेहद खूबसूरत लगता है। हालांकि, चूड़ियों और हाथफूल के डिजाइन में संतुलन बनाए रखना जरूरी है, ताकि आपका लुक ज्यादा भरा हुआ न लगे।
2. लटकन वाली चूड़ियां देंगी स्टाइलिश लुक
अगर आप इस बार कुछ अलग और ट्रेंडी पहनना चाहती हैं, तो लटकन वाले चूड़ी सेट का चुनाव कर सकती हैं। गोल्डन फिनिश वाले कंगन पर लगे छोटे-छोटे स्टोन और पर्ल्स इसकी खूबसूरती बढ़ा देते हैं। इस तरह के डिजाइन को रंगीन कांच की चूड़ियों के साथ पहनकर भी शानदार लुक पाया जा सकता है।
3. लाख की चूड़ियों से मिलेगा पारंपरिक अंदाज
पारंपरिक लुक पसंद करने वाली महिलाओं के लिए लाख की चूड़ियां अच्छा विकल्प हैं। लाल, हरे और गोल्डन रंग की लाख की चूड़ियां साड़ी या लहंगे के साथ खूब जंचती हैं। स्टोन वर्क वाली चूड़ियों और गोल्डन नगीनों से सजे कंगन के साथ इन्हें पेयर करने पर हाथों को फेस्टिव और आकर्षक लुक मिलता है।
4. घुंघरू, फ्लोरल और स्टोन वर्क वाली चूड़ियां
अगर आप अपने करवा चौथ लुक में रॉयल टच जोड़ना चाहती हैं, तो कश्मीरी घुंघरू बैंगल्स के साथ स्टोन वर्क वाली चूड़ियां पहन सकती हैं। इसके साथ ट्रांसपेरेंट फिनिश वाले फ्लोरल कंगन का कॉम्बिनेशन भी अच्छा लगता है। यह स्टाइल पारंपरिक कपड़ों के साथ-साथ हैवी एथनिक आउटफिट पर भी खूबसूरत नजर आ सकता है।
5. पिंक और ग्रीन चूड़ियों का एलिगेंट कॉम्बिनेशन
सॉफ्ट और क्लासी लुक के लिए पिंक और ग्रीन रंग की चूड़ियों का कॉम्बिनेशन चुन सकती हैं। पिंक स्टोन वर्क वाली चूड़ियों के साथ हरी चूड़ियां और पर्ल डिजाइन वाला कंगन आपके हाथों को खूबसूरत लुक दे सकता है। यह डिजाइन उन महिलाओं के लिए अच्छा विकल्प है, जिन्हें ज्यादा हैवी जूलरी पहनना पसंद नहीं है।
6. प्लेन कांच की चूड़ियों के साथ गोल्डन कंगन
अगर आपको सिंपल लेकिन स्टाइलिश लुक पसंद है, तो प्लेन कांच की चूड़ियों को गोल्डन कंगन के साथ पेयर करें। चूड़ियों के दोनों तरफ फ्लोरल या स्टोन वर्क वाले कंगन पहनने से सेट ज्यादा आकर्षक दिखाई देता है। वहीं, बीच में मॉडर्न डिजाइन वाला कंगन जोड़कर इसे ट्रेंडी टच भी दिया जा सकता है।
करवा चौथ के लिए चूड़ियां चुनते समय रखें इन बातों का ध्यान
-
आउटफिट से करें मैच: लाल साड़ी के साथ गोल्डन, हरी या लाल चूड़ियां अच्छी लग सकती हैं, जबकि पिंक और पेस्टल आउटफिट के साथ हल्के रंगों का कॉम्बिनेशन चुन सकती हैं।
-
ज्यादा हैवी डिजाइन से बचें: अगर आपकी ड्रेस पर पहले से हैवी वर्क है, तो सिंपल चूड़ियां या हल्के कंगन बेहतर रहेंगे।
-
पारंपरिक और मॉडर्न स्टाइल मिलाएं: कांच की चूड़ियों के साथ पर्ल, स्टोन या लटकन वाला कंगन पहनकर अलग लुक पा सकती हैं।
-
आराम का भी रखें ध्यान: ऐसा सेट चुनें, जिसे पूरे दिन पहनने में परेशानी न हो।
करवा चौथ पर खूबसूरत दिखने के लिए महंगी जूलरी जरूरी नहीं है। सही रंगों और डिजाइन का चुनाव करके साधारण चूड़ियों से भी अपने हाथों को आकर्षक और स्टाइलिश बनाया जा सकता है।