ईको-फ्रेंडली गणपति मूर्तिकला: बिना किसी झंझट के घर की चीजों से तैयार करें अपने बाप्पा
गणेश चतुर्थी का त्योहार नजदीक आते ही घरों में गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. लोग बाजार से भगवान गणेश की सुंदर मूर्तियां खरीदकर लाते हैं, वहीं कुछ लोग अपने हाथों से बप्पा की प्रतिमा तैयार करना पसंद करते हैं. अगर आप भी इस बार घर पर गणेश जी की मूर्ति बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी.
घर में इस्तेमाल होने वाले सामान्य बर्तनों जैसे चम्मच, प्लेट, चाकू और छुरी की मदद से भी मिट्टी को आकार देकर गणपति बप्पा की आकर्षक मूर्ति तैयार की जा सकती है. आइए जानते हैं इसे बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और कैसे आप इस क्रिएटिव आइडिया को आजमा सकते हैं.
गणपति की मूर्ति बनाने के लिए चाहिए ये सामान
घर पर गणेश जी की प्रतिमा तैयार करने के लिए कुछ आसान चीजों की जरूरत होगी.
-
चिकनी मिट्टी या नदी की मिट्टी
-
थोड़ा पानी
-
नारियल का तेल
-
टूथपिक या माचिस की तीली
-
सजावट के लिए साबूदाना और चावल
-
हल्दी या प्राकृतिक रंग
-
चम्मच, प्लेट, चाकू और छुरी जैसे घरेलू बर्तन
बर्तनों की मदद से तैयार करें गणेश जी की आकृति
आनंद आर्ट एंड क्राफ्ट स्टूडियो नाम के YouTube चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में इसी तरह गणपति की मूर्ति बनाने का तरीका दिखाया गया है. इसमें घर में मौजूद रोजमर्रा के बर्तनों और आसान क्राफ्टिंग तकनीक का इस्तेमाल करके मिट्टी को अलग-अलग आकार दिया जाता है.
बर्तनों की मदद से मिट्टी को शेप देकर धीरे-धीरे भगवान गणेश की आकृति तैयार की जाती है. सही तरीके से आकार देने और सजाने के बाद तैयार मूर्ति देखने में काफी आकर्षक लगती है और इसे देखकर ऐसा लगता है जैसे कोई खूबसूरत सजावटी प्रतिमा हो.
बच्चों के साथ कर सकते हैं ये क्रिएटिव काम
गणपति की मूर्ति बनाने का यह तरीका बच्चों और परिवार के साथ समय बिताने का भी अच्छा जरिया बन सकता है. बच्चे मूर्ति को आकार देने और सजाने में अपनी क्रिएटिविटी दिखा सकते हैं, जबकि बड़े उन्हें मिट्टी से चीजें बनाने का तरीका सिखा सकते हैं.
त्योहार की तैयारियों में जब परिवार के सभी सदस्य मिलकर बप्पा की प्रतिमा तैयार करते हैं, तो इससे गणेश चतुर्थी का उत्साह और भी बढ़ जाता है.
इको-फ्रेंडली गणेश मूर्ति का विकल्प
आजकल पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इको-फ्रेंडली गणेश मूर्तियों को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. घर पर प्राकृतिक मिट्टी से बनाई गई मूर्ति इस लिहाज से भी एक अच्छा विकल्प हो सकती है.
सबसे खास बात यह है कि ऐसी मूर्ति में सिर्फ सजावट नहीं, बल्कि उसे बनाने वाले व्यक्ति की मेहनत, क्रिएटिविटी और भावनाएं भी जुड़ी होती हैं. यही वजह है कि घर पर अपने हाथों से तैयार किए गए गणपति बप्पा की प्रतिमा त्योहार को और भी खास बना सकती है.