×

वेकेशन ट्रिप को बनाना है परफेक्ट और रोमांटिक? इन आदतों से बनाएं दूरी, पार्टनर के चेहरे पर रहेगी हमेशा स्माइल

 

वेकेशन का असली मजा तभी है, जब रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर पार्टनर के साथ सुकून के कुछ पल बिताए जाएं और खूबसूरत यादें बनाई जाएं। लेकिन कई बार जिस ट्रिप का कपल्स लंबे समय से इंतजार कर रहे होते हैं, वही छोटी-छोटी बातों की वजह से बहस में बदल जाती है।कभी भूख की वजह से मूड खराब हो जाता है, कभी फोटो खींचने को लेकर नोकझोंक शुरू हो जाती है तो कभी शॉपिंग को लेकर दोनों की पसंद अलग हो जाती है। ऐसे में सोशल मीडिया पर एक ब्लॉगर ने कपल्स के लिए मजेदार अंदाज में कुछ टिप्स शेयर किए हैं। इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर वेकेशन के दौरान बेवजह की बहस से बचा जा सकता है।

1. पार्टनर को भूख लगी हो तो पहले खाना खिलाएं

अगर ट्रिप के दौरान आपका पार्टनर अचानक चिड़चिड़ा या परेशान नजर आने लगे, तो सबसे पहले उससे पूछें कि उसने कुछ खाया है या नहीं।

कई बार भूख की वजह से इंसान का मूड खराब हो जाता है और छोटी-सी बात भी बड़ी बहस में बदल सकती है। इसलिए घूमने निकलने से पहले कुछ हल्का-फुल्का खा लेना या रास्ते के लिए स्नैक्स रखना अच्छा आइडिया हो सकता है।

2. फोटो खिंचवाने में न करें ज्यादा आनाकानी

वेकेशन की खूबसूरत यादें सिर्फ यादों में नहीं, बल्कि तस्वीरों में भी कैद होती हैं। ऐसे में अगर आपका पार्टनर किसी खास जगह पर फोटो खिंचवाना चाहता है, तो हर बार मना करने के बजाय थोड़ा सहयोग करें।

कभी-कभी पार्टनर से खुद पूछ लेना कि ‘फोटो चाहिए तो खींच दूं?’ आपके पूरे ट्रिप का मूड अच्छा कर सकता है। आखिर में यही तस्वीरें आगे चलकर उस सफर की सबसे प्यारी याद बनती हैं।

3. ‘फिर कभी आएंगे’ कहकर बात को टालें नहीं

किसी जगह का नजारा आपको पसंद आ गया या वहां से कुछ खरीदने का मन है, तो सिर्फ यह कहकर बात न टालें कि ‘अगली बार आएंगे।’

हो सकता है अगली बार उस जगह पर जाना हो ही न पाए। इसलिए अगर समय और बजट इजाजत देता है, तो उस पल को एंजॉय करें। पार्टनर की किसी छोटी इच्छा को पूरा करना पूरे वेकेशन को और खास बना सकता है।

4. पार्टनर तैयार है तो ज्यादा इंतजार न करवाएं

ट्रिप पर सबसे ज्यादा बहस अक्सर निकलने के समय होती है। अगर पार्टनर कह रहा है कि वह तैयार है और अब चलना है, तो उसके बाद अचानक मोबाइल देखने, मैप चेक करने या किसी दूसरे काम में लगने से बचें।

खासकर तब, जब दोनों पहले से बाहर जाने के लिए तैयार हों। थोड़ी सी देरी भी मूड खराब कर सकती है और छोटी-सी बात बहस की वजह बन सकती है।

इसलिए कोशिश करें कि निकलने का समय पहले से तय हो और दोनों उसी हिसाब से तैयार रहें।

5. शॉपिंग के नाम पर धैर्य न खोएं

कपल्स के बीच शॉपिंग भी बहस की एक बड़ी वजह बन सकती है। खासकर जब पार्टनर कहे कि ‘बस थोड़ा घूमकर देखते हैं।’

इसका मतलब कई बार कुछ दुकानों की बजाय पूरी मार्केट घूमना भी हो सकता है। ऐसे में धैर्य रखें और पार्टनर को उसकी पसंद की चीजें देखने का मौका दें।

अगर बजट पहले से तय है, तो शॉपिंग को लेकर बहस करने की बजाय उसी सीमा में दोनों मिलकर एंजॉय कर सकते हैं।

आखिर ट्रिप का मकसद क्या है?

वेकेशन का मकसद सिर्फ नई जगह देखना या तस्वीरें लेना नहीं, बल्कि पार्टनर के साथ क्वालिटी टाइम बिताना भी है। इसलिए छोटी-छोटी बातों को लेकर बहस करने के बजाय एक-दूसरे की पसंद और मूड का ध्यान रखना ज्यादा जरूरी है।

आखिरकार अच्छी ट्रिप वही होती है, जहां जगह से ज्यादा साथ बिताया गया समय याद रहता है। थोड़ा धैर्य, थोड़ी समझदारी और ढेर सारी मस्ती आपके अगले वेकेशन को यादगार बना सकती है।