Brother Sister Relationship: भाई-बहन के रिश्ते को उम्रभर बनाए रखना है खास? हर बड़े भाई को निभानी चाहिए ये 3 जिम्मेदारियां
भाई-बहन का रिश्ता दुनिया के सबसे खास रिश्तों में से एक माना जाता है। बचपन में दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों पर खूब लड़ाई होती है, कभी खिलौने को लेकर तो कभी टीवी के रिमोट को लेकर। लेकिन जब जिंदगी में कोई बड़ी परेशानी आती है, तो यही भाई-बहन एक-दूसरे के लिए सबसे मजबूत सहारा बन जाते हैं।
खासकर छोटी बहन के लिए बड़े भाई का साथ और भरोसा काफी मायने रखता है। एंटरप्रेन्योर और कंटेंट क्रिएटर अंकुर वारिकू ने सोशल मीडिया पर शेयर किए एक वीडियो में बताया कि बड़े भाई को अपनी बहन के साथ रिश्ता मजबूत बनाए रखने के लिए कौन-सी तीन बातें जरूर करनी चाहिए।
1. माता-पिता के सामने बहन का साथ दें
अंकुर वारिकू के मुताबिक, बड़े भाई को अपनी बहन को कभी अकेला महसूस नहीं होने देना चाहिए। खासकर जब बहन अपनी जिंदगी से जुड़ा कोई बड़ा फैसला लेना चाहती हो, तो पहले उसकी बात ध्यान से सुननी चाहिए।
इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि भाई को बहन की हर बात पर सहमत होना जरूरी है। अगर आपको लगता है कि उसका फैसला सही नहीं है, तो उसे डांटने या सबके सामने नीचा दिखाने के बजाय प्यार और समझदारी से अपनी बात समझाएं।
सबसे जरूरी बात यह है कि बहन को यह महसूस होना चाहिए कि मुश्किल समय में उसका भाई उसके साथ खड़ा है।
2. बहन का भरोसा जीतें
भाई और बहन के रिश्ते में सबसे जरूरी चीजों में से एक है भरोसा। कोशिश करें कि आपकी बहन आपसे अपनी जिंदगी की हर जरूरी बात बिना डर और झिझक के शेयर कर सके।
चाहे बात पढ़ाई की हो, नौकरी की, पैसों की, रिश्ते की या जिंदगी के किसी बड़े फैसले की—अगर बहन आपसे कुछ कह रही है, तो सबसे पहले उसकी बात को समझने की कोशिश करें।
हर बात पर तुरंत गुस्सा करने या उसे गलत ठहराने के बजाय शांत होकर उससे बात करें। उसे यह भरोसा होना चाहिए कि परेशानी में मदद मांगने पर भाई उसे जज करने के बजाय समझने की कोशिश करेगा।
3. छोटी-छोटी बातों से बहन को खुश रखें
बहन को खुश रखने के लिए हमेशा महंगे गिफ्ट या कोई बड़ा सरप्राइज देने की जरूरत नहीं होती। कई बार छोटी-सी तारीफ और प्यार भरी बात भी रिश्ते में बहुत बड़ा असर डालती है।
अगर बहन ने कुछ अच्छा किया है तो उसकी तारीफ करें। उसे बताएं कि आपको उस पर गर्व है। कभी बिना किसी खास वजह के उसे मैसेज करके पूछ लें कि वह कैसी है या उसे किसी चीज की जरूरत तो नहीं।
आपका एक छोटा-सा मैसेज भी उसे यह एहसास दिला सकता है कि उसका भाई उसे याद करता है और उसकी जिंदगी में उसकी अहमियत है।
भाई का छोटा सा सपोर्ट बन सकता है बड़ी ताकत
अंकुर वारिकू की बातों का सार यही है कि भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए हमेशा बड़े काम करने की जरूरत नहीं होती। भरोसा, सम्मान, साथ और छोटी-छोटी परवाह रिश्ते को लंबे समय तक मजबूत बनाए रख सकती हैं।
बड़े भाई की यही छोटी-छोटी कोशिशें बहन को लंबे समय तक याद रह सकती हैं। बचपन की लड़ाइयां भले ही समय के साथ पीछे छूट जाएं, लेकिन मुश्किल वक्त में मिला भाई का साथ और भरोसा अक्सर जिंदगी भर याद रहता है।