×

Skin Care Tips: मौसम बदलते ही त्वचा हो जाती है बेजान? हल्दी का उबटन बनाएगा स्किन को चमकदार

 

हल्दी के उबटन में औषधीय गुणों की अच्छी खासी मात्रा मौजूद होती है, जो आपकी त्वचा की सेहत के लिए वरदान साबित हो सकती है। अगर आप भी अपनी स्किन हेल्थ को सुधारना चाहते हैं, तो हल्दी के उबटन को अपने स्किन केयर रूटीन का हिस्सा बना सकते हैं। दादी-नानी के जमाने से त्वचा के लिए हल्दी के उबटन का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती रही है। आइए हल्दी का उबटन बनाने के बेहद आसान तरीके के बारे में जानकारी हासिल करते हैं।

कैसे बनाएं हल्दी का उबटन- हल्दी का उबटन बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में हल्दी पाउडर निकाल लीजिए। अब इसी कटोरी में थोड़ा सा बेसन और थोड़ा सा दूध भी निकाल लीजिए। अगर घर में दूध नहीं है, तो आप दूध की जगह दही का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। अब आपको इन सभी नेचुरल चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लेना है। आपका हल्दी का उबटन बनकर तैयार है।

इस्तेमाल करने का तरीका- आइए आपको हल्दी के उबटन को यूज करने के सही तरीके के बारे में बताते हैं। हल्दी के उबटन को अपने पूरे चेहरे पर और गर्दन वाले हिस्से पर अप्लाई कर लीजिए। अगर आप बेहतर परिणाम हासिल करना चाहते हैं, तो आपको लगभग 15 से 20 मिनट तक औषधीय गुणों से भरपूर इस उबटन को लगाए रखना है। जब हल्दी का उबटन थोड़ा-बहुत सूख जाए, तब आप फेस वॉश कर सकते हैं।

त्वचा के लिए फायदेमंद- हल्दी का उबटन आपकी त्वचा को चौतरफा लाभ पहुंचा सकता है। अगर आप चेहरे पर निकले मुंहासे या फिर दाग-धब्बे हटाना चाहते हैं, तो एक हफ्ते में एक से दो बार हल्दी का उबटन लगाना शुरू कर दीजिए। त्वचा की रंगत को सुधारने के लिए पुराने जमाने से हल्दी का उबटन यूज करने की सलाह दी जाती रही है। हालांकि, हल्दी के उबटन को अपने पूरे चेहरे पर अप्लाई करने से पहले आपको पैच टेस्ट करना नहीं भूलना चाहिए।