UKPSC PCS Recruitment: DSP और डिप्टी कलेक्टर के 67 पदों पर निकलीं भर्तियां; ऐसे करें अप्लाई
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2026 के लिए भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए राज्य के अलग-अलग विभागों में ग्रुप-B के कुल 67 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। योग्य उम्मीदवार 29 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी 29 सितंबर है।
DSP के सबसे ज्यादा पद
कुल 67 पदों में सबसे ज्यादा 14 पद पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के हैं। इसके अलावा डिप्टी कलेक्टर के 10 पद, सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी के 8 पद, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर के 5 पद और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के 5 पद शामिल हैं।
राज्य कर अधिकारी के 5, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 4, संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक/उपसचिव के 4, केस वर्कर के 3 और जिला कमांडेंट होमगार्ड के 2 पद हैं। इसके अलावा कई अन्य विभागों में भी रिक्तियां शामिल की गई हैं।
कैटेगरी वाइज वैकेंसी
कुल 67 पदों में 37 पद सामान्य वर्ग, 13 पद अनुसूचित जाति, 11 पद OBC और 6 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए निर्धारित हैं। पदों पर उत्तराखंड की महिलाओं और राज्य आंदोलनकारियों के लिए क्षैतिज आरक्षण भी लागू होगा।
कितनी मिलेगी सैलरी?
भर्ती के ज्यादातर पद लेवल-10 के हैं, जिनकी सैलरी ₹56,100 से ₹1,77,500 तक होगी। राज्य कर अधिकारी का पद लेवल-7 में है, जिसकी सैलरी ₹44,900 से ₹1,42,400 तक है।
वहीं केस वर्कर के पद पर लेवल-6 के तहत ₹35,400 से ₹1,12,400 तक वेतन मिलेगा।
शैक्षणिक योग्यता
ज्यादातर पदों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन जरूरी है। हालांकि अलग-अलग पदों के लिए विषय के अनुसार योग्यता तय की गई है।
सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी के लिए कॉमर्स में ग्रेजुएशन, जबकि उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी के लिए पोस्ट ग्रेजुएशन की योग्यता मांगी गई है।
सहायक श्रम आयुक्त के पद के लिए अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र या कॉमर्स जैसे विषयों में ग्रेजुएशन जरूरी है। वहीं संस्कृत शिक्षा विभाग के पदों के लिए संस्कृत में पोस्ट ग्रेजुएशन या B.Ed की योग्यता निर्धारित की गई है।
सहायक निदेशक कारखाना/बॉयलर के लिए मैकेनिकल या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री और उद्यान विकास अधिकारी के लिए हॉर्टिकल्चर या कृषि से संबंधित डिग्री जरूरी है। केस वर्कर के लिए समाजशास्त्र, एप्लाइड सोशियोलॉजी या सोशल वर्क में पोस्ट ग्रेजुएशन मांगा गया है।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य लिखित परीक्षा, इंटरव्यू, मेडिकल जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा।
प्रारंभिक परीक्षा में जनरल स्टडीज और जनरल एप्टीट्यूड के पेपर होंगे। इसके बाद मुख्य परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें सामान्य हिंदी, निबंध और सामान्य अध्ययन से जुड़े पेपर शामिल होंगे।
आवेदन में सुधार के लिए 7 से 16 अक्टूबर 2026 तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तारीख से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।