☰
×

SSSC Clerk Recruitment 2026: पंजाब जिला अदालतों में क्लर्क के 1270 पदों पर भर्ती, 4 नवंबर तक करें आवेदन
 

 

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के अधीन Society for Centralized Recruitment of Staff in Subordinate Courts (SSSC) ने पंजाब के जिला एवं अधीनस्थ न्यायालयों में क्लर्क पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1270 क्लर्क पद भरे जाएंगे। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 7 अक्टूबर 2026 शाम 4 बजे से 4 नवंबर 2026 शाम 4 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती विज्ञापन संख्या 37C/SSSC/PB/2026 के तहत निकाली गई है। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को शैक्षणिक योग्यता, पंजाबी भाषा और कंप्यूटर संबंधी पात्रता को ध्यान से जांच लेना चाहिए।
कितनी मिलेगी सैलरी?
क्लर्क पद पर चयनित उम्मीदवारों को लेवल-5 के अनुसार 29,200 रुपये प्रतिमाह का वेतनमान मिलेगा। भर्ती पंजाब के अलग-अलग जिला न्यायालयों में सीधी भर्ती के आधार पर की जाएगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
क्लर्क पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बीए, बीएससी या अन्य समकक्ष डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही मैट्रिक स्तर पर पंजाबी विषय पढ़ा होना जरूरी है।
उम्मीदवार को कंप्यूटर चलाने का आवश्यक ज्ञान भी होना चाहिए। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की उम्र 18 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग, पीडब्ल्यूबीडी और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क कितना है?
भर्ती में आवेदन शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क भी शामिल है। अलग-अलग श्रेणियों के लिए शुल्क इस प्रकार है:
•    पंजाब के SC/BC/OBC, ESM और EWS उम्मीदवार: 710 रुपये
•    पंजाब के Benchmark Disability उम्मीदवार: 875 रुपये
•    अन्य श्रेणियों के उम्मीदवार: 1200 रुपये
100 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
क्लर्क पदों के लिए चयन प्रक्रिया का पहला चरण कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा होगा। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी और इसमें कुल 100 अंक होंगे।
परीक्षा में सामान्य ज्ञान से 50 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके अलावा इंग्लिश कंपोजिशन से 20 ऑब्जेक्टिव प्रश्न और 30 अंकों का सब्जेक्टिव हिस्सा होगा। सब्जेक्टिव सेक्शन में करीब 150 शब्दों का निबंध, पत्र लेखन, प्रेसी और पंजाबी से अंग्रेजी में अनुवाद जैसे प्रश्न शामिल होंगे।
उम्मीदवारों को प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक और पूरी परीक्षा में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा। ऑब्जेक्टिव प्रश्नों में गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
लिखित परीक्षा के बाद होगा कंप्यूटर टेस्ट
लिखित परीक्षा में निर्धारित मानकों के अनुसार सफल उम्मीदवारों को Computer Proficiency Test (CPT) के लिए बुलाया जाएगा। यह टेस्ट केवल क्वालीफाइंग होगा और इसके अंक फाइनल मेरिट में शामिल नहीं किए जाएंगे।
CPT के दो हिस्से होंगे। पहले स्प्रेडशीट टेस्ट में 10 मिनट के भीतर 10 अंकों का टेस्ट देना होगा, जिसमें कम से कम 4 अंक हासिल करना जरूरी होगा। इसके बाद अंग्रेजी कंप्यूटर टाइपिंग टेस्ट होगा, जिसमें उम्मीदवार की टाइपिंग स्पीड कम से कम 30 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए।
कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी टेस्ट पास करने वाले उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
आवेदन कैसे करें?
योग्य उम्मीदवार निर्धारित तारीख से SSSC के आधिकारिक भर्ती पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, व्यक्तिगत जानकारी और जरूरी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करने होंगे।
नोट: उम्मीदवार आवेदन करने से पहले भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें और पात्रता, शुल्क, परीक्षा पैटर्न तथा जरूरी दस्तावेजों की जानकारी की पुष्टि कर लें।