×

SBI में बंपर भर्ती की तैयारी! इस साल 12 हजार युवाओं को मिलेगा नौकरी का मौका

 

बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में जल्द ही बड़े स्तर पर भर्ती होने की उम्मीद है. SBI के चेयरमैन सीएस सेट्ठी के मुताबिक, बैंक क्लर्क और ऑफिसर कैडर में करीब 11,000 से 12,000 नए कर्मचारियों की भर्ती कर सकता है.

हालांकि, कर्मचारियों के रिटायरमेंट और बैंक की जरूरतों के आधार पर भर्ती का अंतिम आंकड़ा कम या ज्यादा हो सकता है. बैंक की योजना इन भर्तियों को वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक पूरा करने की है.

पिछले साल भी हुई थी बड़ी भर्ती

SBI में नौकरी पाने का सपना देशभर के लाखों युवा देखते हैं. बैंक की भर्ती प्रक्रिया में हर साल बड़ी संख्या में उम्मीदवार शामिल होते हैं. पिछले साल भी SBI ने बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की थीं. इनमें करीब 1,500 आईटी एक्सपर्ट्स की भर्ती भी शामिल थी.

अब इस साल क्लर्क और ऑफिसर कैडर में संभावित 11 से 12 हजार नियुक्तियों से बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को बड़ी राहत मिल सकती है.

SBI में 2.45 लाख से ज्यादा कर्मचारी

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का कर्मचारी नेटवर्क लगातार बढ़ रहा है. वर्ष 2026 तक बैंक में काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या 2.45 लाख से ज्यादा हो चुकी है.

बैंक की एनुअल रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में SBI ने कुल 25,633 लोगों को नियुक्त किया था. इनमें 4,640 अधिकारी, 19,340 एसोसिएट्स यानी क्लर्क और 1,653 कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी शामिल थे.

नई ब्रांच के साथ बढ़ेगी कर्मचारियों की जरूरत

SBI सिर्फ कर्मचारियों की संख्या ही नहीं बढ़ा रहा, बल्कि अपने बैंकिंग नेटवर्क का भी विस्तार कर रहा है. वित्त वर्ष 2026-27 में बैंक करीब 200 से 250 नई शाखाएं खोलने की तैयारी में है.

बैंक का फोकस ऐसे इलाकों पर भी है जहां नई आवासीय कॉलोनियां विकसित हो रही हैं और कारोबार से जुड़ी गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं. ऐसे में नई शाखाओं के साथ कर्मचारियों की जरूरत भी बढ़ने की उम्मीद है.