☰
×

NIA Recruitment 2026: राष्ट्रीय जांच एजेंसी में लीगल कंसल्टेंट के 11 पदों पर भर्ती, ₹1.25 लाख तक मिलेगी सैलरी; 11 दिसंबर तक करें आवेदन

 

सरकारी विभाग में कानून के क्षेत्र में काम करने का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। गृह मंत्रालय के अधीन आने वाली राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने लीगल कंसल्टेंट के पदों पर भर्ती निकाली है। इसके तहत सीनियर पब्लिक प्रोसिक्यूटर और पब्लिक प्रोसिक्यूटर के कुल 11 पद भरे जाएंगे। योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ डाक के माध्यम से एनआईए मुख्यालय भेजना होगा। भर्ती कॉन्ट्रैक्ट बेस पर की जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तारीख 11 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

NIA Recruitment 2026: पदों का विवरण

एनआईए की ओर से जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार, कुल 11 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सीनियर पब्लिक प्रोसिक्यूटर के 6 और पब्लिक प्रोसिक्यूटर के 5 पद शामिल हैं।

पद का नाम पदों की संख्या
सीनियर पब्लिक प्रोसिक्यूटर (Sr. PP) 6
पब्लिक प्रोसिक्यूटर (PP) 5
कुल पद 11

शैक्षणिक योग्यता और अनुभव

1. सीनियर पब्लिक प्रोसिक्यूटर (Sr. PP): इस पद के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही आपराधिक मामलों को संभालने और बार में प्रैक्टिस करने का कम से कम 8 साल का अनुभव जरूरी है।

2. पब्लिक प्रोसिक्यूटर (PP): इस पद पर आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से लॉ ग्रेजुएट होना जरूरी है। इसके अलावा आपराधिक मामलों को संभालने का कम से कम 7 साल का कार्य अनुभव होना चाहिए।

कितनी मिलेगी सैलरी?

एनआईए की इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार आकर्षक मासिक पारिश्रमिक दिया जाएगा।

  • सीनियर पब्लिक प्रोसिक्यूटर: ₹1,25,000 प्रति माह

  • पब्लिक प्रोसिक्यूटर: ₹1,00,000 प्रति माह

भर्ती से जुड़ी जरूरी शर्तें

  • दोनों पदों पर नियुक्ति कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जाएगी।

  • शुरुआती नियुक्ति की अवधि एक साल होगी। उम्मीदवार के काम और प्रदर्शन के आधार पर इसे आगे बढ़ाया जा सकता है।

  • यह फुल टाइम नियुक्ति होगी।

  • चयनित उम्मीदवारों को कॉन्ट्रैक्ट अवधि पूरी होने के बाद एनआईए में नियमित नौकरी का दावा करने का अधिकार नहीं होगा।

  • तय मासिक पारिश्रमिक के अलावा हाउस रेंट अलाउंस (HRA), मेडिकल रीइंबर्समेंट और लीव ट्रैवल कंसेशन (LTC) जैसी सुविधाएं नहीं मिलेंगी।

NIA Recruitment 2026: आवेदन कैसे करें?

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को ऑफलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन के लिए ये स्टेप्स फॉलो करें:

  1. सबसे पहले एनआईए की आधिकारिक वेबसाइट nia.mha.gov.in पर जाएं।

  2. भर्ती से संबंधित नोटिफिकेशन और आवेदन फॉर्म डाउनलोड करें।

  3. 'Application for Engagement of Legal Consultant on Contract Basis' यानी Annexure-I का प्रिंटआउट निकालें।

  4. फॉर्म में जिस पद के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उसका नाम दर्ज करें।

  5. इसके बाद अपना नाम, जन्मतिथि, पता, फोन नंबर, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा पास करने का वर्ष और कार्य अनुभव जैसी जरूरी जानकारी भरें।

  6. आपराधिक मामलों में अपने अनुभव और महत्वपूर्ण केस से संबंधित विवरण भी दर्ज करें।

  7. आवेदन में दी गई जानकारी के समर्थन में जरूरी दस्तावेजों की सेल्फ अटेस्टेड प्रतियां लगाएं।

  8. फॉर्म पर तारीख और स्थान लिखकर हस्ताक्षर करें। इसके बाद सभी दस्तावेजों को लिफाफे में रखकर रजिस्टर्ड पोस्ट या स्पीड पोस्ट से भेज दें।

कहां भेजना होगा आवेदन फॉर्म?

भरे हुए आवेदन फॉर्म और जरूरी दस्तावेजों को इस पते पर भेजना होगा:

DIG (Admin), NIA Headquarters, CGO Complex, Lodhi Road, New Delhi – 110003

आवेदन की अंतिम तारीख

एनआईए ने इस भर्ती का विज्ञापन 11 नवंबर 2026 को जारी किया है। उम्मीदवार विज्ञापन जारी होने की तारीख से 30 दिनों के भीतर आवेदन कर सकते हैं। इस हिसाब से आवेदन भेजने की अंतिम तारीख 11 दिसंबर 2026 है।

आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे एनआईए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध भर्ती नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ लें। योग्यता, अनुभव, आवेदन फॉर्म और अन्य शर्तों की पुष्टि आधिकारिक विज्ञापन से जरूर करें।