ISRO में वैज्ञानिक/इंजीनियर बनने का शानदार मौका! 175 पदों के लिए 16 सितंबर तक आवेदन की आखिरी तारीख
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने साइंटिस्ट-इंजीनियर ‘SC’ के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल और कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग से संबंधित उम्मीदवारों के लिए निकाली गई है। भर्ती का आयोजन ISRO Centralised Recruitment Board (ICRB) के माध्यम से किया जा रहा है।
इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 175 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 16 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
किस ब्रांच में कितने पद?
ISRO की ओर से जारी भर्ती के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के 100 पद, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 53 पद और कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के 22 पद निर्धारित किए गए हैं।
इनमें ISRO के विभिन्न केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक्स के 99, मैकेनिकल के 52 और कंप्यूटर साइंस के 21 पद शामिल हैं। वहीं, PRL में तीनों विषयों के लिए एक-एक पद रखा गया है।
ISRO ने स्पष्ट किया है कि घोषित रिक्तियों की संख्या अस्थायी है। संगठन की जरूरत के अनुसार पदों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
साइंटिस्ट-इंजीनियर ‘SC’ पदों के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित इंजीनियरिंग ब्रांच में B.Tech या समकक्ष डिग्री होनी चाहिए।
- इलेक्ट्रॉनिक्स पद के लिए Electronics & Communication Engineering
- मैकेनिकल पद के लिए Mechanical Engineering
- कंप्यूटर साइंस पद के लिए Computer Science Engineering
उम्मीदवार के पास संबंधित डिग्री में कम से कम 65 प्रतिशत अंक होने चाहिए।
आयु सीमा की बात करें तो 16 सितंबर 2026 को उम्मीदवार की अधिकतम उम्र 28 वर्ष होनी चाहिए। केंद्र सरकार के कर्मचारियों, पूर्व सैनिकों और PwBD उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
कितनी होगी आवेदन फीस?
भर्ती के लिए 250 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है, जो वापस नहीं किया जाएगा। इसके अलावा सभी उम्मीदवारों को शुरुआत में 750 रुपये प्रोसेसिंग फीस भी जमा करनी होगी।
हालांकि, महिला, SC, ST, PwBD और Ex-Servicemen उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है। फीस से संबंधित नियमों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में जरूर देखना चाहिए।
लिखित परीक्षा और इंटरव्यू से होगा चयन
ISRO Scientist-Engineer भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। अंतिम चयन में दोनों चरणों को 50-50 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा।
लिखित परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी और देशभर के 37 शहरों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के पहले भाग में संबंधित इंजीनियरिंग विषय से 80 मल्टीपल चॉइस प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके लिए 90 मिनट का समय मिलेगा। गलत उत्तर देने पर एक-तिहाई अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
इसके बाद परीक्षा के दूसरे भाग में एप्टीट्यूड और क्षमता से संबंधित 15 प्रश्न होंगे। यह भाग 20 अंकों का होगा और इसे हल करने के लिए 30 मिनट दिए जाएंगे। इस सेक्शन में गलत उत्तर के लिए नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
16 सितंबर तक करना होगा आवेदन
इच्छुक उम्मीदवारों को ISRO की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ई-मेल या डाक के जरिए भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके साथ जरूरी दस्तावेज और निर्धारित प्रारूप में फोटो समेत अन्य आवश्यक प्रमाणपत्र भी अपलोड करने होंगे।
उम्मीदवार आवेदन जमा करने से पहले भर्ती की पात्रता, फीस, आयु सीमा और अन्य शर्तों को आधिकारिक नोटिफिकेशन में ध्यान से जांच लें।