CA-CS Jobs: कैंपस प्लेसमेंट में बढ़ी CA और CS की डिमांड, MBA-इंजीनियरिंग से आगे निकली भर्ती की उम्मीद
भारत के कैंपस प्लेसमेंट बाजार में प्रोफेशनल कोर्स करने वाले युवाओं के लिए तस्वीर तेजी से बदलती नजर आ रही है। CA और CS उम्मीदवारों की मांग में मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वहीं इंजीनियरिंग और MBA जैसे कोर्स करने वाले उम्मीदवारों को लेकर कंपनियों की भर्ती योजनाएं उतनी मजबूत नहीं दिख रही हैं।
AON की Campus Study Report 2026-27 के मुताबिक, 56 प्रतिशत कंपनियां CA और CS की भर्ती बढ़ाने की योजना बना रही हैं। वहीं 33 प्रतिशत संस्थानों ने भर्ती में किसी तरह का बदलाव नहीं करने की बात कही है, जबकि 11 प्रतिशत कंपनियां इन प्रोफेशनल्स की नियुक्तियां कम कर सकती हैं।
CA-CS का नेट हायरिंग इंटेंट सबसे ज्यादा
रिपोर्ट में CA और CS उम्मीदवारों के लिए नेट हायरिंग इंटेंट +45 प्रतिशत अंक दर्ज किया गया है। यह रिपोर्ट में शामिल सभी टैलेंट ग्रुप में सबसे ज्यादा है।
इससे संकेत मिलता है कि कंपनियों में अकाउंटिंग, फाइनेंस, कॉम्प्लायंस और कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े प्रोफेशनल्स की जरूरत बढ़ रही है।
इंजीनियरिंग और MBA उम्मीदवारों की स्थिति कैसी?
CA-CS के मुकाबले इंजीनियरिंग और MBA उम्मीदवारों के लिए कंपनियों की भर्ती योजनाएं कमजोर नजर आती हैं।
इंजीनियरिंग टैलेंट के लिए नेट हायरिंग इंटेंट -4 अंक रहा। करीब 36 प्रतिशत कंपनियां इंजीनियरिंग उम्मीदवारों की भर्ती बढ़ाने की योजना बना रही हैं, जबकि 40 प्रतिशत इसे कम करने की तैयारी में हैं।
MBA उम्मीदवारों के मामले में नेट हायरिंग इंटेंट -10 अंक रहा। रिपोर्ट के अनुसार 34 प्रतिशत संगठन MBA भर्ती बढ़ाना चाहते हैं, जबकि 44 प्रतिशत कंपनियां इसे घटाने की योजना बना रही हैं।
वहीं लेटरल हायरिंग को लेकर कंपनियों की राय बराबर बंटी हुई है। करीब 40 प्रतिशत संगठन इसमें भर्ती बढ़ाना चाहते हैं और इतने ही इसे कम करने की योजना बना रहे हैं।
CA-CS के लिए इंटर्नशिप से नौकरी तक का रास्ता
CA और CS करने वाले छात्रों के लिए अच्छी बात यह है कि कंपनियों की दिलचस्पी केवल फुल टाइम जॉब तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार करीब 91 प्रतिशत संगठन CA और CS इंटर्न को हायर करते हैं।
तुलना करें तो BTech-MTech छात्रों के लिए यह आंकड़ा 94 प्रतिशत और MBA के लिए करीब 93 प्रतिशत है। BA, BCom, BSc, MA, MCom और MSc जैसे ग्रेजुएट्स के लिए भी यह आंकड़ा 91 प्रतिशत के आसपास है।
इंटर्नशिप पूरी करने के बाद नौकरी का अवसर भी काफी मजबूत नजर आता है। करीब 82 प्रतिशत कंपनियां CA और CS इंटर्न को प्री-प्लेसमेंट इंटरव्यू या ऑफर देती हैं। MBA के लिए यह आंकड़ा 85 प्रतिशत, BA/BCom/BSc के लिए 83 प्रतिशत और BTech-MTech के लिए 81 प्रतिशत है।
CA फाइनल में बैठने वाले उम्मीदवार घटे
एक तरफ कंपनियां CA और CS प्रोफेशनल्स की भर्ती बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं, वहीं CA फाइनल परीक्षा में बैठने वाले उम्मीदवारों की संख्या में कमी देखी गई है।
ICAI के आंकड़ों के मुताबिक 2017 में CA फाइनल के लिए 1,32,007 रजिस्ट्रेशन हुए थे। मई 2025 में यह संख्या घटकर 99,466 रह गई। सितंबर 2025 में CA फाइनल के लिए 81,852 रजिस्ट्रेशन हुए।
इस तरह पिछले वर्षों की तुलना में परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज हुई है।
2024 में CA फाइनल पास करने वाले ज्यादा रहे
CA फाइनल परीक्षा में सफल उम्मीदवारों की संख्या भी अलग-अलग सेशन में बदलती रही है। मई 2024 में 20,446 उम्मीदवार सफल हुए थे, जो दिए गए आंकड़ों के अनुसार किसी एक परीक्षा में सबसे अधिक संख्या रही।
नवंबर 2024 में 11,500 उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की। दोनों परीक्षाओं को मिलाकर 2024 में कुल 31,946 उम्मीदवारों ने CA फाइनल क्लियर किया।
वहीं मई और सितंबर 2025 की दोनों परीक्षाओं में कुल 25,713 उम्मीदवार सफल हुए। यह संख्या 2024 के दोनों परीक्षा सत्रों की तुलना में करीब 20 प्रतिशत कम रही।
CA फाइनल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी
CA फाइनल के रजिस्ट्रेशन में भले ही कुल उम्मीदवारों की संख्या कम हुई हो, लेकिन महिला उम्मीदवारों की हिस्सेदारी बढ़ी है।
मई 2015 में कुल रजिस्ट्रेशन में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 35 प्रतिशत थी। मई 2025 में यह बढ़कर लगभग 41 प्रतिशत हो गई। सितंबर 2025 में भी महिला उम्मीदवारों की हिस्सेदारी करीब 41 प्रतिशत रही।
कुल मिलाकर कैंपस भर्ती के आंकड़े बताते हैं कि आने वाले समय में CA और CS जैसे प्रोफेशनल कोर्स करने वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मजबूत रह सकते हैं।