बिहार दारोगा भर्ती पर बड़ा अपडेट, 1799 पदों की PET और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया टली
बिहार में दारोगा भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने दारोगा भर्ती के अगले चरण को फिलहाल स्थगित कर दिया है. सितंबर और अक्टूबर में प्रस्तावित शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया को अगले आदेश तक टाल दिया गया है.
आयोग ने इस संबंध में नोटिस जारी कर अभ्यर्थियों को जानकारी दी है. अब शारीरिक दक्षता परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी.
मुख्य परीक्षा पास अभ्यर्थियों को देना था PET
मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर सफल घोषित अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होना था. इसके तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा के साथ अभिलेख सत्यापन किया जाना था.
लेकिन बिहार के गृह विभाग के आदेश के बाद आयोग ने दोनों प्रक्रियाओं को फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया है. इससे मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की आगे की तैयारी पर भी असर पड़ा है.
1799 दारोगा भर्ती को लेकर उठे थे सवाल
दरअसल, गर्दनीबाग में हुए छात्र आंदोलन के दौरान अभ्यर्थियों और छात्र संगठनों ने 1799 पदों वाली दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर सवाल उठाए थे. प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की थी. परीक्षा में कथित गड़बड़ी और धांधली के आरोप भी लगाए गए थे.
इसी मुद्दे को लेकर छात्रों और सरकार के बीच बातचीत भी हुई थी. अब भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण स्थगित किए जाने के बाद इस मामले को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं.
शिक्षा विभाग के सचिव के साथ हुई थी बैठक
गुरुवार को शिक्षा विभाग के सचिव की अध्यक्षता में छात्र प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई थी. इस बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें पुलिस अवर निरीक्षक भर्ती परीक्षा की जांच का विषय भी शामिल था.
वार्ता के दौरान 1799 दारोगा भर्ती परीक्षा से जुड़ी शिकायतों को परीक्षा सुधार के लिए बनाई जाने वाली कमेटी के सामने रखने का फैसला किया गया. शिकायतकर्ता अपने पास मौजूद सबूत और सुझाव कमेटी के समक्ष पेश कर सकेंगे.
कमेटी की रिपोर्ट के बाद होगा आगे का फैसला
बताया गया है कि परीक्षा से जुड़ी शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा के बाद कमेटी अपनी रिपोर्ट देगी. इसके बाद रिपोर्ट और लिए जाने वाले फैसले के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
इसी बीच BPSSC ने PET और अभिलेख सत्यापन को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है. आयोग ने साफ किया है कि दोनों प्रक्रियाओं की नई तारीख अलग से जारी की जाएगी.
अभ्यर्थियों को अब नई तारीख का इंतजार
नोटिस जारी होने के बाद मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के बीच हलचल बढ़ गई है. जो उम्मीदवार सितंबर-अक्टूबर में होने वाली PET और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तैयारी कर रहे थे, उन्हें अब नई सूचना का इंतजार करना होगा.
अभ्यर्थियों को सलाह है कि आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें और नई तारीख जारी होने तक अपनी शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी जारी रखें.