☰
×

योग सीखना सिर्फ आसन करना नहीं, सही जानकारी और मार्गदर्शन भी है जरूरी

 

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में खुद को स्वस्थ और तनावमुक्त रखने के लिए बड़ी संख्या में लोग योग का सहारा ले रहे हैं। कोई वजन कम करने के लिए योग करता है, तो कोई मानसिक शांति और शरीर को लचीला बनाने के लिए इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करता है। सोशल मीडिया पर भी योग से जुड़े कई वीडियो और ट्यूटोरियल आसानी से मिल जाते हैं, जिन्हें देखकर लोग घर पर ही अलग-अलग आसन करने लगते हैं। लेकिन योग सीखने का मतलब केवल अलग-अलग आसनों को करना या उनकी तकनीक समझ लेना नहीं है। योग का वास्तविक अर्थ इससे कहीं अधिक गहरा है। इसमें हर अभ्यास के पीछे छिपे सिद्धांत, सही प्रक्रिया और उसके उद्देश्य को समझना भी बेहद जरूरी है।

दरअसल, आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर योग सीखने के सही तरीके के बारे में बताया है। मंत्रालय के मुताबिक, योग सीखना केवल कुछ तकनीकों और शारीरिक मुद्राओं को सीखने तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि व्यक्ति योग के अभ्यासों के पीछे के सिद्धांतों को भी समझे और उन्हें सही तरीके से अनुभव करे। जब कोई व्यक्ति योग को केवल एक एक्सरसाइज की तरह नहीं, बल्कि उसके उद्देश्य और महत्व को समझते हुए अपनाता है, तो उसका अनुभव अधिक सार्थक बन सकता है।

योग के कई आसन ऐसे होते हैं, जिन्हें देखने में करना काफी आसान लगता है लेकिन उनका सही तरीका समझना जरूरी होता है। कई बार लोग बिना जानकारी के किसी वीडियो को देखकर कठिन आसनों का अभ्यास शुरू कर देते हैं। इससे शरीर पर अनावश्यक दबाव पड़ सकता है और चोट लगने का खतरा भी रहता है। इसलिए योग सीखते समय किसी विशेषज्ञ या प्रशिक्षित योग शिक्षक का मार्गदर्शन लेना चाहिए। एक अच्छे योग शिक्षक को यह जानकारी होती है कि किस व्यक्ति के लिए कौन-सा अभ्यास उपयुक्त है और उसे किस तरह करना चाहिए। वह अभ्यास के दौरान शरीर की स्थिति, सांस लेने के तरीके और जरूरी सावधानियों के बारे में भी समझाता है। इससे व्यक्ति योग को अधिक सुरक्षित और सही ढंग से सीख पाता है।

योग का अभ्यास करते समय केवल यह जानना पर्याप्त नहीं है कि किसी आसन को कैसे करना है। यह समझना भी जरूरी है कि उस आसन का उद्देश्य क्या है और अभ्यास के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

मंत्रालय का कहना है कि योग की सीख केवल तकनीक तक सीमित नहीं रहनी चाहिए बल्कि इसमें अनुभव को भी महत्व देना चाहिए। इसका मतलब है कि व्यक्ति हर अभ्यास को समझकर करे और यह महसूस करने की कोशिश करे कि उसका शरीर और मन उस पर किस तरह प्रतिक्रिया दे रहे हैं। योग में जल्दबाजी करने या दूसरों की नकल करने के बजाय अपनी क्षमता के अनुसार अभ्यास करना चाहिए। नियमित अभ्यास और सही समझ से व्यक्ति धीरे-धीरे अपनी योग यात्रा को बेहतर बना सकता है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम