नोएडा-ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण का कहर: मरीजों की संख्या में 15 से 20 प्रतिशत का इजाफा
नोएडा, 14 नवंबर (आईएएनएस)। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लगातार बढ़ता वायु प्रदूषण अब शहरवासियों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर परेशानी का सबब बनता जा रहा है। शहर की हवा में घुली धूल और धुएं का असर लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। प्रदूषण के कारण सांस संबंधी समस्याओं के साथ-साथ आंखों में जलन, जुकाम, गले में खराश और छाती में संक्रमण जैसी बीमारियों के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है।
हालात यह हैं कि जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगातार बढ़ रही है और ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों का आंकड़ा 3000 के पार पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, प्रदूषण बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में करीब 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अस्पताल में बड़ी संख्या में ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं, जिन्हें प्रदूषित हवा के संपर्क में आने के बाद स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो रही हैं।
खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदूषण का असर लोगों के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर पड़ रहा है। अस्पताल में आंखों में जलन और पानी आने, लगातार जुकाम रहने, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में परेशानी की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। इसके अलावा चेस्ट इंफेक्शन, अस्थमा और लंग्स इंफेक्शन से संबंधित मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। धूल के बारीक कण और वाहनों तथा अन्य स्रोतों से निकलने वाला धुआं सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर फेफड़ों को प्रभावित कर रहा है।
यही वजह है कि सामान्य रूप से स्वस्थ रहने वाले लोगों को भी अब सांस लेने में परेशानी और गले में संक्रमण जैसी शिकायतें होने लगी हैं। जिला अस्पताल के कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एचएम लवानिया ने बताया कि प्रदूषण के कारण अस्पताल में मरीजों की संख्या में लगभग 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। ओपीडी में प्रतिदिन 3000 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें आंखों में जलन, जुकाम, गले में खराश, चेस्ट इंफेक्शन, अस्थमा और फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं के मरीज शामिल हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि प्रदूषण के इस दौर में अपनी सेहत को लेकर लापरवाही बिल्कुल न बरतें।
किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर खुद डॉक्टर बनने की कोशिश न करें और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयों का सेवन करने से बचें। परेशानी होने पर अस्पताल पहुंचकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लें। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं।
डॉ. एचएम लवानिया ने लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के बीच घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगाएं। आंखों में जलन या परेशानी होने पर समय-समय पर साफ पानी से आंखें धोते रहें। गले में खराश और परेशानी से बचने के लिए गर्म पानी में नमक डालकर गरारे करें। इसके अलावा लोगों को धूल और धुएं के सीधे संपर्क में आने से बचना चाहिए। विशेष रूप से अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।
फिलहाल बढ़ता प्रदूषण नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए दोहरी चुनौती बन गया है। एक तरफ जहरीली हवा में सांस लेना मुश्किल हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जरूरी है कि लोग प्रशासन की ओर से जारी प्रदूषण संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें और स्वास्थ्य को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस