×

मानसून के साथ बढ़ा डेंगू-मलेरिया का खतरा; जिला अस्पताल ने बनाए 8 विशेष वार्ड, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

 

नोएडा, 14 जुलाई (आईएएनएस)। मानसून के आगमन के साथ ही जिले में डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ने लगा है। बारिश के दौरान जगह-जगह जलभराव और साफ-सफाई की कमी के कारण मच्छरों का प्रजनन तेजी से होता है, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ जाती है। इसी संभावित खतरे को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने समय रहते तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला अस्पताल में डेंगू मरीजों के उपचार के लिए 8 विशेष वार्ड तैयार कर दिए गए हैं।

इन वार्डों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी, दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक और मरीजों की निगरानी के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी होती है, तो मरीजों को तत्काल भर्ती कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल राहत की बात यह है कि जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में अभी तक डेंगू का कोई मरीज भर्ती नहीं है।

अधिकारियों का कहना है कि बारिश का मौसम अभी जारी है, इसलिए आने वाले सप्ताहों में संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। इसी वजह से अस्पतालों को पहले से तैयार रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, टंकियां, पुराने टायर और अन्य ऐसे स्थानों की नियमित सफाई करें, जहां पानी जमा होकर मच्छरों के पनपने की संभावना रहती है। साथ ही पूरी बाजू के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने और मच्छर भगाने वाले उपाय अपनाने की भी सलाह दी गई है।

चिकित्सकों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द, उल्टी या त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई दें, तो बिना देरी किए नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए। समय पर जांच और उपचार से डेंगू जैसी गंभीर बीमारी से होने वाली जटिलताओं से बचा जा सकता है।

जिला अस्पताल प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मानसून सीजन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल पूरी तरह तैयार है। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि जिले के लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम