☰
×

खाद्य सुरक्षा पर एफएसएसएआई सख्त, सीईओ बोले-भ्रामक विज्ञापनों और हाई-रिस्क उत्पादों पर कड़ी निगरानी

 

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने देश में खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। एफएसएसएआई के सीईओ और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रजित पुन्हानी ने दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्राधिकरण की प्राथमिकता सिर्फ नियम बनाना नहीं बल्कि उनका सख्ती से पालन कराना, भ्रामक दावों पर रोक लगाना और अधिक जोखिम वाले खाद्य उत्पादों की निगरानी करना है।

पुन्हानी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि एफएसएसएआई ने इस दिशा में तीन प्रमुख क्षेत्रों में काम शुरू किया है। पहला कदम यह सुनिश्चित करना है कि खाद्य उद्योग से जुड़ी सभी इकाइयां सभी नियमों और मानकों का पूरी तरह पालन करें। दूसरा, भ्रामक दावों और विज्ञापनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उद्योग से अपील की गई है कि वे अपने दावों और विज्ञापनों में अधिक नैतिक और पारदर्शी तरीका अपनाएं। तीसरा, ऐसे उत्पादों की पहचान की गई है, जो स्वास्थ्य के लिए अधिक जोखिम पैदा कर सकते हैं। इनमें डेयरी उत्पाद, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और मीट उत्पाद शामिल हैं। इसके साथ ही ई-कॉमर्स के माध्यम से बिकने वाले खाद्य उत्पादों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि एफएसएसएआई ने एक-एक करके कई श्रेणियों में जांच और कार्रवाई की है। इनमें डेयरी उत्पाद, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक्स, चीनी वाले पेय पदार्थ और अन्य खाद्य उत्पाद शामिल हैं। यह पूरी प्रक्रिया लगातार चल रही है और पैकेज्ड पानी भी इसी निगरानी का हिस्सा है।

पुन्हानी ने कहा कि नैतिकता का सीधा संबंध भ्रामक दावों और भ्रामक विज्ञापनों से है। उन्होंने कहा कि किसी विज्ञापन का भ्रामक होना कई बार एक व्यक्तिपरक विषय हो सकता है। जब ऐसा मामला अदालत में जाता है, तो एफएसएसएआई वहां अपनी दलीलें रखता है लेकिन प्राधिकरण का उद्देश्य सिर्फ कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है। इसका एक नैतिक पहलू भी है। इसी कारण उन्होंने सीआईआई और पूरे खाद्य उद्योग से आग्रह किया कि वे नैतिक विज्ञापनों को प्राथमिकता दें।

पान मसाला और सेलिब्रिटी विज्ञापनों के सवाल पर पुन्हानी ने कहा कि महाराष्ट्र की ओर से पान मसाला से जुड़े मामलों में सेलिब्रिटीज को नोटिस दिए गए हैं। एफएसएसएआई मुख्य रूप से अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड के विज्ञापनों में शामिल लोगों को नोटिस भेजता है। इस पर बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। कई सेलिब्रिटीज ने अपने विज्ञापन हटा लिए हैं।

वहीं, बिसलेरी के पैकेज्ड पानी के एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक पाए जाने के मामले पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में केवल एक बैच ही दोषी पाया गया है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम