☰
×

देश की पहली स्वदेशी एन5एन1 बर्ड फ्लू वैक्सीन लॉन्च करेंगे शिवराज सिंह चौहान

 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को पोल्ट्री (मुर्गी पालन) के लिए भारत की पहली 'स्वदेशी इनएक्टिवेटेड एच5एन1 हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा (एचपीएआई) वायरस वैक्सीन' लॉन्च करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि भोपाल स्थित आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिसीज (आईसीएआर-एनआईएचएसएडी) ने 'बर्ड फ्लू' (जिसे एवियन इन्फ्लूएंजा भी कहा जाता है) जैसी घातक बीमारी के खिलाफ एक वैक्सीन विकसित की है।

यह देश के पोल्ट्री क्षेत्र में बीमारी पर नियंत्रण को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। 'हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा' (एचपीएआई) को आमतौर पर 'बर्ड फ्लू' के नाम से जाना जाता है, मुर्गियों और अन्य पक्षियों के लिए यह एक बड़ा खतरा है। इसके प्रकोप से अक्सर पूरे झुंड के खत्म होने (मौत) का खतरा रहता है।

बर्ड फ्लू के कारण न केवल बड़ी संख्या में पक्षियों को मारना पड़ता है और व्यापार पर प्रतिबंध लगाने पड़ते हैं, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय बाजारों को भी बाधित करता है, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतें बढ़ाती हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

भारत में 2006 में पहला मामला सामने आने के बाद से देश में एच5एन1 और एच5एन8 सबटाइप के 500 से अधिक प्रकोप (आउटब्रेक) देखे गए हैं। सरकारी अनुमानों के अनुसार, अगर इसका कोई बड़ा प्रकोप होता है तो भारत की जीडीपी वृद्धि में 1.5 प्रतिशत की कमी आ सकती है और देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी खतरे में पड़ सकती है।

2006 के प्रकोप के कारण लगभग 2,200 करोड़ से 3,000 करोड़ रुपए का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नुकसान हुआ था। वहीं, मणिपुर में हुए एक अन्य प्रकोप के कारण राज्य की जीडीपी के 0.5 प्रतिशत के बराबर नुकसान हुआ था। कृषि क्षेत्र में होने वाले नुकसान के अलावा, एच5एन1 सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरे पैदा करता है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा के 1,003 मानवीय मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है। वायरोलॉजिकल अध्ययनों से पता चलता है कि मुर्गियों में होने वाले अधिकांश प्रकोपों ​​के लिए "एच5एन1 क्लेड 2.3.2.1ए स्ट्रेन" जिम्मेदार रहा है।

हाल ही में, मुर्गियों के अलावा स्तनधारी जानवरों में भी इसके संक्रमण का पता चला है, साथ ही इंसानों में भी इसके तीन मामले सामने आए हैं। अब तक, मुर्गियों को इस 'क्लेड 2.3.2.1ए स्ट्रेन' से बचाने के लिए कोई विशेष कमर्शियल वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी।

आईसीएआर-एनआईएचएसएजी की ओर से विकसित स्वदेशी वैक्सीन इसे रोका जा सकता है। यह मुर्गियों को इस स्ट्रेन से बचाने में मदद करती है, जिससे किसानों को होने वाला आर्थिक नुकसान कम होता है और वायरस का मुर्गियों से अन्य जानवरों और इंसानों में फैलना भी सीमित होता है।

--आईएएनएस

एसडी/डीकेपी