×

तेलंगाना में 25,000 से ज़्यादा मेडिकल दुकानें बंद रही

 

हैदराबाद, 20 मई (आईएएनएस)। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) द्वारा दिए गए एक दिन के राष्ट्रव्यापी बंद के आह्वान के चलते बुधवार को पूरे तेलंगाना में 25,000 से अधिक मेडिकल दुकानें बंद रहीं।

अकेले हैदराबाद में ही दवाओं की ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगाने, कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा दी जाने वाली भारी छूट बंद करने और नकली दवाओं से बचाव की मांग को लेकर 12,000 से अधिक मेडिकल दुकानें बंद रहीं।

अस्पतालों से जुड़ी मेडिकल दुकानों को हड़ताल से छूट दी गई है।

तेलंगाना ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन (डीसीए) ने लोगों से अपील की है कि वे केमिस्टों की हड़ताल से घबराएं नहीं। साथ ही, पूरे राज्य में जरूरी और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता का आश्वासन भी दिया है।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सभी आवश्यक कदम उठाएं, ताकि जीवनरक्षक दवाओं की जरूरत वाले लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन ने मरीजों की सुरक्षा और जरूरी दवाओं की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक सार्वजनिक सलाह जारी की है।

डीसीए के महानिदेशक अविनाश मोहंती ने एक बयान में कहा कि एआईओसीडी के तेलंगाना चैप्टर के साथ हुई बैठक में यह फैसला लिया गया कि जनता को होने वाली असुविधा से बचाने के लिए अस्पतालों से जुड़ी फार्मेसी दुकानों को दवाएं उपलब्ध कराने हेतु खुला रखा जाएगा।

आपात स्थिति में स्थानीय दुकानों से दवाएं उपलब्ध कराने के लिए एआईओसीडी की जिला शाखाएं ड्रग इंस्पेक्टरों के साथ लगातार संपर्क में रहेंगी। इसके अलावा, कॉर्पोरेट मेडिकल स्टोर्स को भी अपनी दुकानें खुली रखने की सलाह दी गई है।

उन्होंने कहा कि 20 मई को जरूरी या आपातकालीन दवाओं की उपलब्धता से जुड़ी किसी भी परेशानी की स्थिति में लोग तुरंत अपने स्थानीय ड्रग्स इंस्पेक्टर या ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन के सहायक निदेशक से संपर्क कर सकते हैं, ताकि उन्हें आवश्यक सहायता मिल सके।

ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन पूरे राज्य में स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है, ताकि जरूरी और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि विभाग के सभी फील्ड अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सतर्क रहें और दवाओं की उपलब्धता या जनता की शिकायतों से जुड़े किसी भी मामले पर तुरंत कार्रवाई करें।

ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों के संपर्क नंबर और कार्यालयों के पते, ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन तेलंगाना की आधिकारिक वेबसाइट के “की कॉन्टैक्ट्स” अनुभाग में उपलब्ध हैं।

जनता दवाओं की उपलब्धता से संबंधित सहायता या जानकारी के लिए डीसीए तेलंगाना के टोल-फ्री नंबर 1800 599 6969 पर भी संपर्क कर सकती है।

एआईओसीडी और हैदराबाद केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने दवाओं से जुड़े नियमों में हालिया संशोधनों और ऑनलाइन फार्मेसियों के कामकाज के विरोध में बंद का आह्वान किया है।

उनका कहना है कि ऑनलाइन फार्मेसियों और डिजिटल चिकित्सा प्लेटफॉर्मों के अनियंत्रित संचालन से दवाओं का दुरुपयोग, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस में वृद्धि और जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरे पैदा हो सकते हैं।

--आईएएनएस

एसएचके/एएस