एचआईवी संक्रमित महिलाओं में हर पांचवीं महिला एचपीवी पॉजिटिव, जीसीआरआई की स्क्रीनिंग में खुलासा
गांधीनगर, 17 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात कैंसर रिसर्च इंस्टीट्यूट (जीसीआरआई) में सर्वाइकल कैंसर की जांच कराने वाली एचआईवी संक्रमित महिलाओं में से लगभग हर पांचवीं महिला में ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) की पुष्टि हुई है। इसके अलावा जांच के दौरान सर्वाइकल कैंसर का एक शुरुआती चरण का मामला भी सामने आया है। इससे पता चलता है कि इस संवेदनशील समूह के बीच कैंसर की विशेष जांच (टारगेटेड स्क्रीनिंग) कराए जाने की कितनी आवश्यकता है।
पिछले साल मार्च में इस पहल की शुरुआत के बाद से जीसीआरआई ने अहमदाबाद के सिविल अस्पताल स्थित एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) सेंटर में एचपीए डीएनए टेस्टिंग के जरिए 1,542 एचआईवी-पॉजिटिव महिलाओं की स्क्रीनिंग की है।
इनमें से 319 महिलाओं (यानी 20.69 प्रतिशत) में एचपीवी संक्रमण पाया गया, जबकि 1,223 महिलाओं की रिपोर्ट नेगेटिव आई। एचआईवी के साथ जी रही महिलाओं में लगातार बने रहने वाले हाई-रिस्क एचपीवी संक्रमण का खतरा अधिक होता है, इसलिए एचआईवी देखभाल के नियमित हिस्से के रूप में सर्वाइकल कैंसर की जांच (स्क्रीनिंग) को शामिल करने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया गया था।
इस तरह के संक्रमण से सर्वाइकल कैंसर होने की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए बीमारी का जल्दी पता लगाने और समय पर इलाज के लिए नियमित स्क्रीनिंग बहुत महत्वपूर्ण है।
शुरुआती स्क्रीनिंग के बाद 150 महिलाओं की आगे की जांच के लिए कोल्पोस्कोपी की गई। इन जांचों में सर्वाइकल इंट्राएपिथेलियल नियोप्लासिया (सीआईएन) के 94 मामले सामने आए। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें सर्वाइकल कोशिकाओं में असामान्य बदलाव होते हैं, जो आगे चलकर कैंसर का रूप ले सकते हैं।
इनमें सीआईएन 1 के 63 मामले, सीआईएन 2 के 30 मामले और सीआईएन 3 का एक मामला शामिल था। इसके अलावा, शुरुआती चरण के सर्वाइकल कैंसर का भी एक मामला सामने आया, जिससे समय रहते इलाज शुरू किया जा सका।
इस पहल के तहत जिन महिलाओं की स्क्रीनिंग की गई, उनमें एचपीवी पॉजिटिविटी दर, गुजरात की सामान्य शहरी और ग्रामीण आबादी में पाई गई दरों (जो क्रमशः 4.82 प्रतिशत और 5.22 प्रतिशत थीं) की तुलना में काफी अधिक थी।
इस पहल को 'पेशेंट केयर और सर्विस डिलीवरी में उत्कृष्टता' श्रेणी में 'एफआईसीसीआई हेल्थकेयर एक्सीलेंस अवार्ड 2026' मिला है।
यह सम्मान एचआईवी इलाज की नियमित सेवाओं में कैंसर की रोकथाम और शुरुआती जांच को शामिल करने के लिए दिया गया है।
राज्य सरकार और गुजरात कैंसर सोसाइटी द्वारा संयुक्त रूप से संचालित जीसीआरआई, व्यावहारिक संभावनाओं और संसाधनों की उपलब्धता को देखते हुए इस इंटीग्रेटेड स्क्रीनिंग मॉडल को राज्य भर के अन्य एआरटी सेंटरों तक भी ले जाने की योजना बना रहा है।
यह कार्यक्रम राज्य के उन प्रयासों के अनुरूप लागू किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य प्रिवेंटिव हेल्थकेयर (रोकथाम-आधारित स्वास्थ्य सेवा) को मजबूत करना और शुरुआती जांच व इलाज तक पहुंच को बेहतर बनाना है।
राज्य का स्वास्थ्य विभाग आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच बढ़ाने और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का जल्दी पता लगाने की दिशा में काम कर रहा है।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी