×

गर्मियों में आंखों की थकान और जलन को झट से दूर करता है ठंडा कॉटन पैड, ऐसे करें इस्तेमाल

 

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। गर्मियों का बढ़ता तापमान, लू, उमस और स्क्रीन के सामने घंटों काम करना आंखों के लिए बड़ी समस्या है। लिहाजा, आंखों में जलन, थकान, सूजन और लालिमा आम सी बात हो गई है। मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप पर लगातार काम करने से आंखें ड्राई हो जाती हैं और असुविधाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में घरेलू और प्राकृतिक उपाय की तलाश में ठंडा कॉटन पैड सबसे आसान, सस्ता और प्रभावी तरीका है।

भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने भी आंखों की थकान और जलन से राहत के लिए ठंडे कॉटन पैड के इस्तेमाल की सलाह दी है। यह उपाय पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी उम्र के व्यक्ति, यानी बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, इसे आसानी से अपना सकते हैं। इसमें कोई खर्च नहीं लगता और कुछ ही मिनटों में आंखों को तरोताजा महसूस होता है।

ठंडे कॉटन पैड के इस्तेमाल के लिए सबसे पहले अपना चेहरा साफ पानी से धो लें और पसीना अच्छी तरह पोंछ लें। इसके बाद साफ और नरम कॉटन पैड लें। इन्हें ठंडे पानी में अच्छी तरह भिगो दें। अतिरिक्त पानी को हल्का निचोड़ लें, ताकि पैड हल्का नम रहे, लेकिन टपकता न हो। अब आराम से लेट जाएं, आंखें बंद करें, और दोनों आंखों पर इन ठंडे पैड को रख दें। कम से कम 10 मिनट तक ऐसे ही आराम करें। इस दौरान गहरी सांस लें और मन को शांत रखें।

ठंडक आंखों की मांसपेशियों को तुरंत आराम देती है, सूजन कम करती है और थकान दूर करती है। ब्लड सर्कुलेशन भी बेहतर होता है। अगर चाहें तो ठंडे पानी में कुछ बूंदें गुलाब जल मिला सकते हैं, इससे और ज्यादा ताजगी और सुकून मिलेगा।

अब सवाल है कि यह कब और कितनी बार करें? तो शाम को काम के बाद जब आंखें थकी हुई लगे, स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने के बाद, गर्मी और धूप से जलन होने पर और रोजाना एक बार या जरूरत पड़ने पर करें।

आयुर्वेद में आंखों की देखभाल को बहुत महत्व दिया जाता है। ठंडे पानी का सेक आंखों की गर्मी शांत करता है और उन्हें स्वस्थ रखता है। यह उपाय खासकर उन लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है जो दिन भर कंप्यूटर या मोबाइल पर काम करते हैं।

हालांकि, अगर आंखों में लगातार दर्द, धुंधलापन या कोई गंभीर समस्या है तो डॉक्टर से जरूर सलाह लें, लेकिन रोजमर्रा की थकान और जलन के लिए ठंडा कॉटन पैड सबसे बेहतरीन घरेलू उपाय है। हमेशा साफ कॉटन पैड का इस्तेमाल करें और पानी ठंडा हो, लेकिन बर्फ जैसा ठंडा न हो। आंखें बंद रखकर ही पैड लगाएं।

--आईएएनएस

एमटी/डीकेपी