☰
×

सीढ़ियां चढ़ते ही फूलने लगती है सांस? फिटनेस की कमी से लेकर दिल और फेफड़ों की बीमारी तक हो सकती है वजह

 

सीढ़ियां चढ़ते समय सांस तेज होना कई लोगों के लिए आम बात है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि इस दौरान शरीर की मांसपेशियों को ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है। इस मांग को पूरा करने के लिए दिल और फेफड़ों को सामान्य से अधिक मेहनत करनी पड़ती है। इसलिए थोड़ी देर के लिए सांस फूलना शरीर की सामान्य प्रतिक्रिया हो सकती है।

हालांकि, अगर कुछ सीढ़ियां चढ़ने पर ही सांस बुरी तरह फूलने लगे, बार-बार रुकना पड़े या पहले की तुलना में जल्दी थकान महसूस होने लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। दिल्ली के आरजी हॉस्पिटल की कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. पारुल खुराना के मुताबिक, इसके पीछे फिटनेस की कमी से लेकर एनीमिया और दिल या फेफड़ों से जुड़ी समस्याएं तक हो सकती हैं।

फिटनेस की कमी भी हो सकती है वजह

डॉक्टर के अनुसार, आजकल लंबे समय तक बैठकर काम करने और शारीरिक गतिविधियां कम होने के कारण शरीर की सहनशक्ति घट सकती है। ऐसे में सीढ़ियां चढ़ने, तेज चलने या हल्का व्यायाम करने पर भी सांस फूलने लगती है।

इसके अलावा बढ़ता वजन और मोटापा भी इसकी एक वजह हो सकते हैं। शरीर का वजन अधिक होने पर दिल और फेफड़ों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे शारीरिक मेहनत के दौरान सांस लेने में ज्यादा परेशानी हो सकती है।

एनीमिया के कारण भी फूल सकती है सांस

खून में हीमोग्लोबिन का स्तर कम होने पर शरीर के अलग-अलग अंगों तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। इस स्थिति को एनीमिया कहा जाता है।

एनीमिया होने पर व्यक्ति को थोड़ी सी शारीरिक मेहनत के बाद भी सांस फूलने, कमजोरी और थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर की सलाह से जांच कराना जरूरी है।

दिल और फेफड़ों की बीमारियां भी हो सकती हैं जिम्मेदार

सीढ़ियां चढ़ते समय सांस फूलने के पीछे दिल और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां भी जिम्मेदार हो सकती हैं। अस्थमा, क्रॉनिक फेफड़ों की बीमारी और बार-बार होने वाले रेस्पिरेटरी इंफेक्शन के कारण सांस लेने में परेशानी हो सकती है।

वहीं, दिल की कार्यक्षमता कम होने या लंबे समय तक अनियंत्रित हाई ब्लड प्रेशर रहने से भी यह समस्या बढ़ सकती है। धूम्रपान और लंबे समय तक प्रदूषित वातावरण में रहने से फेफड़ों की क्षमता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में सामान्य गतिविधियों के दौरान भी सांस फूलने लगती है।

सांस फूलने के साथ ये लक्षण दिखें तो न करें नजरअंदाज

अगर सांस फूलने के साथ सीने में दर्द, बेहोशी, ठंडा पसीना या अचानक गंभीर रूप से सांस लेने में परेशानी हो, तो यह किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत इमरजेंसी मेडिकल मदद लें।

अगर थोड़ी सी मेहनत करने पर बार-बार सांस फूलती है या पहले के मुकाबले आपकी सहनशक्ति कम हो गई है, तो डॉक्टर से जांच कराएं। इसे केवल कमजोरी या फिटनेस की कमी मानकर टालना ठीक नहीं है।