×

क्या आपको भी होती है पेशाब के बाद ड्रिब्लिंग की समस्या? जानिए इसके पीछे की 3 बड़ी वजहें और बचाव

 

कई पुरुषों को पेशाब करने के बाद भी कुछ देर तक बूंद-बूंद यूरिन लीक होने की समस्या होती है। ऐसा महसूस हो सकता है कि पेशाब करने के बाद भी मूत्र पूरी तरह खत्म नहीं हुआ और कुछ बूंदें लगातार निकल रही हैं। यह स्थिति रोजमर्रा की जिंदगी में काफी असहज महसूस करा सकती है।

अक्सर लोग इसे सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर यह परेशानी बार-बार या लंबे समय से हो रही है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। शालीमार बाग स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल के कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजी डॉ. भानु मिश्रा के मुताबिक, पेशाब करने के बाद बूंद-बूंद यूरिन निकलने की स्थिति को मेडिकल भाषा में पोस्ट-मिक्चुरिशन ड्रिब्लिंग (Post-Micturition Dribbling) कहा जाता है।

यह समस्या महिलाओं की तुलना में पुरुषों में ज्यादा देखी जाती है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी शामिल हैं।

बढ़े हुए प्रोस्टेट का संकेत हो सकता है

उम्र बढ़ने के साथ पुरुषों में प्रोस्टेट ग्लैंड का आकार बढ़ना आम समस्या है। खासतौर पर 50 साल की उम्र के बाद इसका खतरा बढ़ सकता है।

जब प्रोस्टेट का आकार बढ़ जाता है, तो यह यूरिन के रास्ते पर दबाव डाल सकता है और पेशाब के फ्लो में रुकावट पैदा हो सकती है। इसके कारण पेशाब करने के बाद भी कुछ मात्रा में यूरिन यूरेथ्रा में रह सकता है।

बाद में यही बचा हुआ यूरिन बूंद-बूंद करके बाहर निकल सकता है। अगर इसके साथ पेशाब की धार कमजोर होना या बार-बार पेशाब लगना जैसी समस्या भी हो रही है, तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

पेल्विक फ्लोर मसल्स की कमजोरी

पेशाब के बाद यूरिन लीक होने की एक वजह पेल्विक फ्लोर मसल्स की कमजोरी भी हो सकती है। ये मांसपेशियां ब्लैडर और मूत्रमार्ग को सपोर्ट करने और यूरिन कंट्रोल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

जब ये मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं, तो यूरिन पूरी तरह बाहर निकलने के बाद भी कुछ बूंदें बाद में लीक हो सकती हैं।

पेल्विक फ्लोर मसल्स की कमजोरी के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनमें मोटापा, लगातार भारी वजन उठाना, लंबे समय से रहने वाली खांसी और कुछ प्रकार की सर्जरी शामिल हो सकती हैं।

नसों से जुड़ी समस्या भी हो सकती है वजह

कुछ मामलों में यूरिन के बाद ड्रिब्लिंग की समस्या न्यूरोलॉजिकल यानी नसों से जुड़ी समस्याओं के कारण भी हो सकती है।

दरअसल, ब्लैडर और यूरेथ्रा के काम करने में नसों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अगर किसी बीमारी या अन्य कारण से इन नसों की कार्यक्षमता प्रभावित होती है, तो ब्लैडर और यूरिन कंट्रोल पर असर पड़ सकता है। इसके चलते पेशाब के बाद बूंद-बूंद यूरिन निकलने की समस्या हो सकती है।

इन लक्षणों के साथ समस्या हो तो डॉक्टर से मिलें

अगर पेशाब के बाद यूरिन टपकने के साथ इनमें से कोई लक्षण भी दिखाई दे रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है:

  • बार-बार पेशाब लगना
  • पेशाब करते समय जलन या दर्द होना
  • पेशाब की धार कमजोर होना
  • पेशाब शुरू करने या निकालने में परेशानी होना
  • ब्लैडर पूरी तरह खाली न होने का एहसास
  • पेशाब में लाल रंग या खून दिखाई देना

इसे सिर्फ उम्र का असर समझकर न करें नजरअंदाज

पेशाब करने के बाद कुछ बूंदें यूरिन निकलना हमेशा सामान्य उम्र बढ़ने का हिस्सा नहीं माना जाना चाहिए। कई मामलों में यह बढ़े हुए प्रोस्टेट, पेल्विक फ्लोर मसल्स की कमजोरी या यूरिनरी सिस्टम से जुड़ी किसी अन्य समस्या का संकेत हो सकता है।

अगर यह समस्या कभी-कभार नहीं बल्कि लगातार या बार-बार हो रही है, खासकर अगर इसके साथ दर्द, जलन, कमजोर यूरिन फ्लो या पेशाब में खून जैसे लक्षण भी हैं, तो डॉक्टर से जांच और उचित सलाह लेना जरूरी है। सही कारण पता चलने के बाद ही उचित इलाज तय किया जा सकता है।