×

संभल जाइए! आपके नल का खारा पानी बना सकता है गंजा, डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया हेयर वॉश का 'स्मार्ट तरीका'

 

बालों को चमकदार और खूबसूरत बनाए रखने के लिए लोग कई तरह के शैंपू, कंडीशनर और हेयर केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। कुछ लोग तो बालों को साफ रखने के लिए रोजाना शैंपू भी करते हैं। इसके बावजूद अगर बाल रूखे, बेजान और उलझे हुए नजर आते हैं, तो इसकी वजह सिर्फ आपके हेयर प्रोडक्ट्स नहीं हो सकते।

बालों की इस समस्या के पीछे नल से आने वाला हार्ड वॉटर भी एक कारण हो सकता है। सीके बिड़ला हॉस्पिटल की सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. रूबेन भसीन पासी के मुताबिक, भारत के कई इलाकों में सप्लाई होने वाला पानी हार्ड वॉटर हो सकता है। इसमें मौजूद कुछ मिनरल्स बालों और स्कैल्प पर असर डाल सकते हैं।

हार्ड वॉटर क्या होता है?

हार्ड वॉटर यानी ऐसा पानी जिसमें कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स की मात्रा अधिक होती है। जब इस पानी से लगातार बाल धोए जाते हैं, तो इन मिनरल्स के अवशेष बालों की सतह पर जमा हो सकते हैं।

इससे बालों की प्राकृतिक चमक प्रभावित हो सकती है और शैंपू भी बालों पर उसी तरह काम नहीं कर पाता, जैसा सामान्य पानी में करता है।

हार्ड वॉटर से बालों को क्या नुकसान हो सकता है?

अगर लंबे समय तक हार्ड वॉटर का इस्तेमाल किया जाए, तो बालों में कई तरह की परेशानियां देखने को मिल सकती हैं। जैसे:

  • बाल रूखे और बेजान महसूस हो सकते हैं।
  • बालों में ज्यादा उलझाव हो सकता है।
  • बालों में फ्रिजीनेस बढ़ सकती है।
  • बालों के टूटने की समस्या बढ़ सकती है।
  • स्कैल्प में सूखापन और खुजली महसूस हो सकती है।
  • हेयर कलर या कुछ केमिकल ट्रीटमेंट का असर जल्दी कम हो सकता है।

हालांकि, बालों का झड़ना या टूटना सिर्फ हार्ड वॉटर की वजह से हो, यह जरूरी नहीं है। इसके पीछे पोषण, तनाव, हार्मोनल बदलाव, स्कैल्प की समस्या और अन्य कारण भी हो सकते हैं।

कैसे पहचानें कि पानी आपके बालों को प्रभावित कर रहा है?

अगर बाल धोने के बाद भी उनमें अजीब तरह की चिपचिपाहट या भारीपन महसूस होता है और लगातार बालों की चमक कम होती जा रही है, तो पानी की गुणवत्ता भी एक संभावित वजह हो सकती है।

कुछ लोगों में हार्ड वॉटर के इस्तेमाल के बाद बाल ज्यादा रूखे और फ्रिजी महसूस हो सकते हैं। अगर समस्या लगातार बनी हुई है, तो केवल शैंपू बदलने के बजाय पानी की गुणवत्ता पर भी ध्यान देना चाहिए।

बालों की देखभाल के लिए क्या करें?

अगर आपके इलाके में हार्ड वॉटर की समस्या है, तो बालों की देखभाल के लिए कुछ सावधानियां बरती जा सकती हैं। बालों के लिए उपयुक्त कंडीशनर का इस्तेमाल करें और जरूरत से ज्यादा शैंपू करने से बचें।

कुछ लोग हार्ड वॉटर की समस्या में शॉवर फिल्टर या आखिरी रिंस के लिए फिल्टर किए हुए पानी का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, इन उपायों की जरूरत व्यक्ति और पानी की गुणवत्ता पर निर्भर करती है।

समस्या ज्यादा हो तो डॉक्टर से लें सलाह

अगर बाल लगातार टूट रहे हैं, बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, स्कैल्प में खुजली या जलन है या समस्या लंबे समय से बनी हुई है, तो इसे केवल पानी की समस्या मानकर नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना बेहतर है।

कई बार बालों की खराब क्वालिटी के पीछे एक से ज्यादा कारण हो सकते हैं। इसलिए सही वजह पता चलने के बाद ही उचित हेयर केयर रूटीन अपनाना सबसे बेहतर रहता है।