WhatsApp Web Alert: दूसरे के कंप्यूटर पर भूलकर भी लॉग इन न छोड़ें, निजी चैट और बैंकिंग जानकारी हो सकती है खतरे में
WhatsApp का इस्तेमाल आजकल सिर्फ मोबाइल तक सीमित नहीं है। ऑफिस और घर में लोग कंप्यूटर या लैपटॉप पर WhatsApp Web के जरिए चैट करते हैं। लेकिन अगर आप किसी दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर अपना WhatsApp अकाउंट लॉग इन करके लॉग आउट करना भूल जाते हैं तो यह बड़ी परेशानी बन सकता है। आपकी निजी बातचीत दूसरे व्यक्ति तक पहुंच सकती है और आपके अकाउंट का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए भी किया जा सकता है।
इसी खतरे को देखते हुए गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने WhatsApp Web यूजर्स के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें साझा कंप्यूटर पर WhatsApp चलाते समय सावधानी बरतने और काम खत्म होने के बाद अकाउंट से लॉग आउट करने की सलाह दी गई है।
दूसरे के हाथ में जा सकती हैं आपकी निजी चैट
अगर किसी ऑफिस, साइबर कैफे या दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर आपका WhatsApp Web लॉग इन रह जाता है तो वहां कंप्यूटर इस्तेमाल करने वाला अगला व्यक्ति आपकी चैट पढ़ सकता है। इतना ही नहीं, वह आपके अकाउंट से किसी दूसरे व्यक्ति को मैसेज भी भेज सकता है।
इसका इस्तेमाल साइबर ठग कई तरह से कर सकते हैं। वे आपके दोस्तों, रिश्तेदारों और सहकर्मियों को आपके नाम से मैसेज भेजकर पैसों की मांग कर सकते हैं। आपके ग्रुप की बातचीत और कॉन्टैक्ट्स तक पहुंच भी आपकी प्राइवेसी के लिए खतरा बन सकती है। चूंकि मैसेज आपके ही अकाउंट से भेजे जाएंगे, इसलिए सामने वाला व्यक्ति आसानी से उन पर भरोसा कर सकता है।
I4C ने WhatsApp Web यूजर्स को दी ये 5 सलाह
1. सार्वजनिक कंप्यूटर पर लॉग इन करने से बचें: साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर और ऐसे कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल न करें, जिनका उपयोग कई लोग करते हैं।
2. काम खत्म होते ही लॉग आउट करें: WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद अकाउंट से लॉग आउट जरूर करें। केवल ब्राउजर का टैब या विंडो बंद करना पर्याप्त नहीं है।
3. Incognito मोड का इस्तेमाल करें: अगर किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाना जरूरी है तो भरोसेमंद डिवाइस पर Incognito या Private Browsing मोड का इस्तेमाल करें। हालांकि, ब्राउजर बंद करने से पहले लॉग आउट करना न भूलें।
4. संवेदनशील जानकारी साझा न करें: ऑफिस के जरूरी दस्तावेज, सरकारी काम से जुड़ी जानकारी और निजी डेटा साझा करते समय सावधानी बरतें।
5. संदिग्ध मैसेज पर नजर रखें: अगर आपके WhatsApp अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिन्हें आपने नहीं भेजा है तो तुरंत कार्रवाई करें। यह अकाउंट के गलत इस्तेमाल का संकेत हो सकता है।
कंप्यूटर और ब्राउजर को भी रखें अपडेट
I4C की सलाह के मुताबिक, अपने कंप्यूटर, इंटरनेट ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखना चाहिए। किसी अनजान फाइल को डाउनलोड करने या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचें।
इसके अलावा समय-समय पर WhatsApp के Linked Devices सेक्शन में जाकर चेक करें कि आपका अकाउंट किन-किन डिवाइस पर लॉग इन है। अगर कोई अनजान डिवाइस दिखाई देता है तो उसे तुरंत लॉग आउट कर दें।
छोटी-सी सावधानी आपको निजी चैट के दुरुपयोग और ऑनलाइन ठगी से बचा सकती है। इसलिए दूसरे के कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय लॉग आउट करना बिल्कुल न भूलें।