Instagram Reel का यह लालच पड़ा भारी: '25 अगस्त' वाले खुलासे के चक्कर में लाखों लोग गंवा बैठे पैसे!
Instagram पर 25 अगस्त 2026 को एक कथित स्कैम ने सोशल मीडिया यूजर्स के बीच हलचल मचा दी। एक Instagram अकाउंट ने 25 अगस्त को किसी बड़े खुलासे का दावा करते हुए लोगों में उत्सुकता पैदा की। देखते ही देखते इस अकाउंट को 4 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करने लगे। बाद में अकाउंट को बंद कर दिया गया।
25 अगस्त को बड़े खुलासे का किया गया था दावा
इस Instagram अकाउंट का नाम "25 August 2026" रखा गया था। इसे कुछ समय पहले बनाया गया था और यहां लगातार ऐसी रील्स पोस्ट की जा रही थीं, जिनमें 25 अगस्त को किसी बड़े खुलासे की बात कही जा रही थी।
वीडियो में दावा किया जाता था कि 25 अगस्त को कुछ ऐसा सामने आने वाला है, जिसे देखने के बाद लोगों को पछतावा नहीं होगा। इस तरह के दावों ने लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी और बड़ी संख्या में यूजर्स अकाउंट को फॉलो करने लगे।
Telegram लिंक के जरिए मांगे गए पैसे
25 अगस्त को जब लोग यह जानने के लिए अकाउंट पर पहुंचे कि आखिर बड़ा खुलासा क्या है, तो वहां कुछ Stories पोस्ट की गई थीं। इन Stories में एक Telegram लिंक दिया गया था।
दावे के मुताबिक, Telegram पर पहुंचने के बाद लोगों से कथित सीक्रेट रिवील देखने के बदले Stars भेजने के लिए कहा गया। इन Stars की कीमत करीब 500 रुपये बताई गई। सोशल मीडिया पर किए गए दावों के अनुसार, करीब 1.66 लाख लोगों ने Stars खरीदकर भेजे। इस हिसाब से करीब 8.5 करोड़ रुपये की रकम जुटाए जाने का दावा किया जा रहा है।
हालांकि, यह आंकड़ा कितना सही है, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
बड़े खुलासे की जगह दिखाया मोटिवेशनल वीडियो
सबसे ज्यादा हैरानी तब हुई, जब पेमेंट करने के बाद यूजर्स को वह कंटेंट दिखाया गया, जिसका लंबे समय से प्रचार किया जा रहा था। कथित बड़े खुलासे की जगह एक मोटिवेशनल वीडियो सामने आया। वीडियो में लोगों को समय बर्बाद न करने जैसी बातें कही गईं। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस पूरे मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं और यूजर्स ने इसे कथित स्कैम बताया।
यूजर्स को रहना चाहिए सावधान
हालांकि, अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि वास्तव में 1.66 लाख लोगों ने 500 रुपये के Stars खरीदे थे या इस पूरी रकम का कलेक्शन हुआ था। ऐसे में 8.5 करोड़ रुपये के स्कैम का दावा फिलहाल सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी पर आधारित है। इस तरह के मामलों से बचने के लिए सोशल मीडिया पर किसी अनजान अकाउंट के बड़े दावों पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। खासकर जब कोई व्यक्ति या क्रिएटर किसी खास कंटेंट, ऑफर या खुलासे के नाम पर पैसे मांग रहा हो, तो पेमेंट करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच करना जरूरी है।