बारिश के मौसम में टेक अलर्ट: गीला फोन तुरंत चार्ज पर लगाने से बचें, हो सकता है बड़ा नुकसान
बारिश के मौसम में स्मार्टफोन का भीग जाना कोई बड़ी बात नहीं है। कई बार फोन थोड़ा गीला होने के बावजूद सामान्य तरीके से चलता रहता है। ऐसे में लोग अक्सर यह सोचकर उसे तुरंत चार्जिंग पर लगा देते हैं कि फोन में कोई परेशानी नहीं है। लेकिन यही जल्दबाजी स्मार्टफोन के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।
फोन के चार्जिंग पोर्ट में अगर नमी मौजूद है और उसमें चार्जर लगा दिया जाए, तो बिजली के संपर्क में आने से शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ सकता है। इससे चार्जिंग पोर्ट खराब होने के साथ-साथ फोन के अंदर मौजूद दूसरे हार्डवेयर कंपोनेंट्स को भी नुकसान पहुंच सकता है। नमी लंबे समय तक रहने पर जंग लगने की समस्या भी पैदा हो सकती है।
फोन भीग जाए तो सबसे पहले क्या करें?
अगर आपका स्मार्टफोन बारिश में भीग गया है, तो सबसे पहले उसे चार्जर और किसी भी पावर सोर्स से दूर रखें। अगर फोन चालू है और ठीक से काम कर रहा है, तब भी उसे बंद कर देना बेहतर रहेगा। इसके बाद फोन के बाहरी हिस्से को किसी मुलायम और सूखे कपड़े से धीरे-धीरे साफ करें।
फोन को जोर-जोर से हिलाने या झटकने की गलती न करें। ऐसा करने से फोन की सतह पर मौजूद पानी अंदर के दूसरे हिस्सों तक पहुंच सकता है और नुकसान बढ़ सकता है।
हेयर ड्रायर का इस्तेमाल भी न करें
फोन को जल्दी सुखाने के लिए कई लोग हेयर ड्रायर या गर्म हवा वाले किसी दूसरे डिवाइस का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन ऐसा करना भी सही नहीं है। तेज गर्मी से फोन का डिस्प्ले, बैटरी और अंदर के इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स प्रभावित हो सकते हैं।इसलिए फोन भीगने के बाद जल्दबाजी में चार्ज करने या गर्म हवा से सुखाने के बजाय उसे सावधानी से सुखाना ज्यादा सुरक्षित तरीका है। खासकर तब तक चार्जिंग से बचें, जब तक चार्जिंग पोर्ट पूरी तरह सूखा होने का भरोसा न हो।