×

Redmi Note 17 Pro और Pro Max की एंट्री: 10,000mAh बैटरी के साथ ₹5,000 तक की छूट

 

Redmi ने भारत में अपनी नई Redmi Note 17 Pro सीरीज लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इस लाइनअप में Redmi Note 17 Pro और Redmi Note 17 Pro Max को पेश किया है। इससे पहले सीरीज में Redmi Note 17 मौजूद था। नए Pro Max मॉडल की सबसे बड़ी खासियत इसकी 10,000mAh की दमदार बैटरी है, जबकि Redmi Note 17 Pro में 9,000mAh की बैटरी दी गई है। दोनों फोन में कई प्रीमियम फीचर्स देखने को मिलते हैं।

Redmi Note 17 Pro और Pro Max की कीमत

Redmi Note 17 Pro के 8GB RAM + 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 36,999 रुपये रखी गई है। वहीं, इसका 8GB RAM + 256GB स्टोरेज मॉडल 39,999 रुपये में आएगा।

दूसरी तरफ, Redmi Note 17 Pro Max के 8GB RAM + 256GB स्टोरेज मॉडल की शुरुआती कीमत 49,999 रुपये है। इसका टॉप वेरिएंट 12GB RAM + 256GB स्टोरेज के साथ 55,999 रुपये में मिलेगा।

लॉन्च ऑफर के तहत SBI, Axis Bank और IDFC First Bank के कार्ड से खरीदारी करने पर ग्राहकों को 5,000 रुपये तक का इंस्टेंट डिस्काउंट दिया जा रहा है। इसके अलावा HDB Financial Services के जरिए भी 5,000 रुपये तक का कैशबैक मिल सकता है।

Redmi Note 17 Pro की बिक्री 17 सितंबर से और Redmi Note 17 Pro Max की बिक्री 23 सितंबर से Amazon के जरिए शुरू होगी।

कलर ऑप्शन की बात करें तो Pro Max को Matcha Green, Secret Sunrise और Stealth Black में लॉन्च किया गया है। वहीं Redmi Note 17 Pro Cloud Blue, Purple Vibe और Stealth Black कलर में उपलब्ध होगा।

Redmi Note 17 Pro Max के फीचर्स

Redmi Note 17 Pro Max में 6.83 इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले दी गई है। स्क्रीन में 120Hz रिफ्रेश रेट, 12-बिट कलर डेप्थ, 3,500 निट्स की पीक ब्राइटनेस, HDR10+ और Dolby Vision जैसे फीचर्स मिलते हैं। फोन में 3,200Hz इंस्टेंटेनियस टच सैंपलिंग रेट और Wet Touch 2.0 का सपोर्ट भी दिया गया है।

परफॉर्मेंस के लिए इसमें Qualcomm का 4nm Snapdragon 6 Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है। फोन में 12GB तक LPDDR5x RAM और 256GB UFS 4.1 स्टोरेज मिलती है। डस्ट और वॉटर रेजिस्टेंस के लिए इसे IP66, IP68 और IP69K रेटिंग दी गई है।

कैमरा सेटअप की बात करें तो फोन के पीछे 50MP का OIS सपोर्ट वाला प्राइमरी कैमरा और 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। फोन से 4K रिजॉल्यूशन में 30fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है।

फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 10,000mAh बैटरी है। यह 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 27W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट करती है। कनेक्टिविटी के लिए 5G, 4G LTE, डुअल-बैंड Wi-Fi, Bluetooth 6.0 और USB Type-C पोर्ट दिया गया है। इसके अलावा फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और IR ब्लास्टर भी मिलता है।

Redmi Note 17 Pro के फीचर्स

Redmi Note 17 Pro में भी Pro Max की तरह Android 16 पर आधारित HyperOS 3 दिया गया है। कंपनी इस फोन के लिए 4 साल के OS अपडेट और 6 साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का दावा कर रही है। इसमें भी 6.83 इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले और IP66, IP68 व IP69K रेटिंग मिलती है।

हालांकि, प्रोसेसर के मामले में इसमें Snapdragon 6s Gen 4 चिपसेट दिया गया है। कैमरा सेटअप भी Pro Max जैसा ही है, जिसमें 50MP OIS प्राइमरी कैमरा और 8MP अल्ट्रा-वाइड सेंसर शामिल हैं।

सेल्फी के लिए Redmi Note 17 Pro में 16MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। यह फोन अधिकतम 1080p/30fps वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकता है।

बैटरी की बात करें तो इसमें 9,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 67W फास्ट चार्जिंग और 22.5W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट करती है।

कुल मिलाकर, Redmi Note 17 Pro सीरीज में बड़ी बैटरी, हाई-रिफ्रेश-रेट AMOLED डिस्प्ले, दमदार कैमरा, लंबा सॉफ्टवेयर सपोर्ट और मजबूत IP रेटिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। खासतौर पर 10,000mAh बैटरी वाला Redmi Note 17 Pro Max उन यूजर्स को आकर्षित कर सकता है जो लंबी बैटरी लाइफ वाले स्मार्टफोन की तलाश में हैं।