×

'एयर इंडिया को फिर से महान बनाएंगे' कार्यभार संभालने से पहले बोले नए सीईओ टेवोल्डे गेब्रेमारियम

 

नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। एयर इंडिया के आने वाले सीईओ और एमडी टेवोल्डे गेब्रेमारियम ने सोमवार को कर्मचारियों से कहा कि वे टाटा ग्रुप की एयरलाइन को एक मजबूत भविष्य की ओर ले जाना चाहते हैं। साथ ही कहा, हम एयर इंडिया को फिर से महान बनाएंगे।

एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और पद छोड़ रहे सीईओ और एमडी कैंपबेल विल्सन के साथ एक टाउन हॉल मीटिंग में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए गेब्रेमारियम ने कहा, "मैं अमेरिका से आ रहा हूं, इसलिए मैं एक फ्रेज 'एमएजीए' (हम एयर इंडिया को फिर से महान बनाएंगे) का इस्तेमाल करना चाहूंगा।"

गेब्रेमारियम सरकार से सिक्योरिटी मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद एयर इंडिया के सीईओ और एमडी का पद औपचारिक रूप से संभालेंगे।

उन्होंने कहा, "एयर इंडिया की विरासत शानदार है, ब्रांड मजबूत है और इसमें बहुत ज्यादा क्षमता है। अगर हम सही समय पर सही कदम उठाएं, तो तरक्की की कोई सीमा नहीं होगी।"

उन्होंने यह बयान ऐसे समय पर दिया है जब टाटा ग्रुप के तहत एयर इंडिया बदलाव के एक नए दौर में प्रवेश कर रही है। एयरलाइन अपने कामकाज को मजबूत करने, ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने और यात्रियों का भरोसा बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

टाउन हॉल में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखरन ने कहा कि एयरलाइन का अगला चरण मुख्य रूप से सुरक्षा, ग्राहकों का भरोसा फिर से जीतने, ऑपरेशनल एक्सीलेंस और लागत पर नियंत्रण रखने पर केंद्रित होगा।

चंद्रशेखरन ने कहा, "मेरे लिए, एयर इंडिया को टाटा समूह में वापस लाना मेरे करियर की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है, यह एक बहुत ही अहम घटना है। एयर इंडिया अरबों लोगों की है। यह सिर्फ एक और बिजनेस नहीं है।"

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एयर इंडिया का सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य यात्रियों और आम जनता के मन में भरोसा कायम करना होना चाहिए।

उन्होंने कहा, "एयर इंडिया को सबसे ज्यादा लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश करनी चाहिए।"

चंद्रशेखरन ने कहा कि एयरलाइन ने पिछले 18 महीनों में बेहद मुश्किल दौर का सामना किया है, जिसमें भू-राजनीतिक उथल-पुथल, एयरस्पेस बंद होने, ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव और दुखद एआई171 दुर्घटना ने इसके कामकाज को प्रभावित किया है।

उन्होंने साफ किया कि सुरक्षा एयरलाइन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी और एयर इंडिया से दुनिया की बेहतरीन एयरलाइनों से भी बेहतर सुरक्षा रिकॉर्ड बनाने की कोशिश करने को कहा।

चंद्रशेखरन ने कहा, "सुरक्षा इस बारे में नहीं है कि हम क्या कहते हैं। यह इस बारे में है कि हम हर दिन क्या करते हैं।" उन्होंने पूरे संगठन में कड़े नियमों के पालन, विश्व-स्तरीय प्रक्रियाओं और व्यक्तिगत जवाबदेही के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने ग्राहक सेवा और अनुभव में ज्यादा एकरूपता लाने का भी आह्वान किया, साथ ही कर्मचारियों से तेजी से बदलते ऑपरेटिंग माहौल का सामना करते हुए चुस्त-दुरुस्त रहने को कहा।

वित्तीय अनुशासन भी एक मुख्य फोकस होगा, जिसमें चंद्रशेखरन ने पूरी एयर इंडिया में लागत के प्रति जागरूकता की मजबूत संस्कृति बनाने पर जोर दिया।

--आईएएनएस

एबीएस