स्बर अपने 185वें स्थापना दिवस पर 12 नवंबर को आयोजित करेगा 'इन्वेस्टर डे', पेश करेगा नई 2027-29 रणनीति
नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। रूस के प्रमुख बैंकिंग और प्रौद्योगिकी समूह स्बर 12 नवंबर 2026 को अपने 185वें स्थापना दिवस के अवसर पर 'इन्वेस्टर डे' आयोजित करेगा। इस कार्यक्रम में बैंक 2024-2026 की मौजूदा रणनीति के परिणामों की समीक्षा करेगा और 2027-2029 की नई तीन वर्षीय रणनीति पेश करेगा।
स्बरबैंक के अनुसार, 2024-2026 की रणनीति का मुख्य उद्देश्य मानव-केंद्रित कारोबारी मॉडल की दिशा में बदलाव की तैयारी करना और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीकों का विस्तार करना था। इन्वेस्टर डे के दौरान स्बर यह बताएगा कि पिछले तीन वर्षों में उसने कौन-कौन सी उपलब्धियां हासिल कीं, उसका व्यवसाय किस प्रकार बदला और अगले चरण में उसकी प्राथमिकताएं क्या होंगी।
नई रणनीति का प्रस्तुतीकरण बैंक के शीर्ष अधिकारी करेंगे। इनमें मुख्य कार्यकारी अधिकारी और कार्यकारी बोर्ड के अध्यक्ष हर्मन ग्रेफ, प्रथम उपाध्यक्ष अलेक्जेंडर वेद्याखिन, प्रथम उपाध्यक्ष किरिल जार्योव, मुख्य वित्तीय अधिकारी और उपाध्यक्ष तारास स्क्वोर्त्सोव तथा तकनीकी विकास प्रमुख एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष आंद्रेई बेलेवत्सेव शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं, बैंक के परिवर्तन में प्रौद्योगिकी और एआई की भूमिका तथा अगले तीन वर्षों के वित्तीय लक्ष्यों पर विशेष चर्चा की जाएगी। प्रस्तुतीकरण के बाद प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें हर्मन ग्रेफ निवेशकों और प्रतिभागियों के सवालों का जवाब देंगे।
बैंक ने बताया कि इन्वेस्टर डे का सीधा प्रसारण कार्यक्रम की आधिकारिक वेबसाइट और निवेशकों के लिए बने साइबर टेलीग्राम चैनल पर उपलब्ध होगा।
गौरतलब है कि मार्च 2026 में जारी ब्रांड फाइनेंस की रिपोर्ट के अनुसार, स्बर ने रूस के सबसे मूल्यवान बैंकिंग ब्रांड के रूप में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा था। बैंक की ब्रांड वैल्यू 2024 के 4.4 अरब डॉलर से बढ़कर 2025 में 4.8 अरब डॉलर हो गई थी।
स्बर का कहना है कि वह उच्च प्रौद्योगिकी-आधारित, सुरक्षित, किफायती और उपयोगकर्ता-अनुकूल उत्पाद एवं सेवाएं विकसित करता है, जो ग्राहकों को उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने, दीर्घकालिक लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने में मदद करती हैं।
--आईएएनएस
डीबीपी