मोदी सरकार में केरलम का रेलवे आवंटन 10 गुना बढ़कर वित्त वर्ष 27 में 3,795 करोड़ रुपए हुआ: अश्विनी वैष्णव
नई दिल्ली, 21 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में केरलम के लिए रेलवे का आवंटन लगभग दस गुना बढ़ गया है। यह 2014 में 372 करोड़ रुपए से बढ़कर वित्त वर्ष 2026-27 में 3,795 करोड़ रुपए हो गया है।
केरल के सांसदों से मुलाकात के बाद जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ज्यादा निवेश से राज्य में बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, क्षमता बढ़ाने और यात्रियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी जैसे काम हो रहे हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "केरल के सांसदों से मुलाकात हुई। हमने राज्य में रेलवे नेटवर्क के विकास पर चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त वर्ष 26-27 के लिए केरल का बजट आवंटन 10 गुना बढ़ाकर 3,795 करोड़ रुपए कर दिया है। 2014 में यह राशि सिर्फ 372 करोड़ रुपए थी।"
केंद्रीय मंत्री ने मंगलुरु में रेलवे कामकाज से जुड़ी चिंताओं पर भी बात की। उन्होंने बताया कि पहले रेलवे का इलाका तीन अलग-अलग जोन में बंटा हुआ था, जिससे कामकाज में दिक्कतें आती थीं।
वैष्णव ने कहा,"हमने मंगलुरु में कामकाज से जुड़ी दिक्कतों पर चर्चा की। मंगलुरु रेलवे इलाके को तीन अलग-अलग जोन में बांटा गया था, जिससे कामकाज में गंभीर दिक्कतें आ रही थीं। मंगलुरु को एसडब्ल्यूआर में बनाए रखने के फैसले से कामकाज से जुड़ी ये दिक्कतें दूर हो जाएंगी।"
वैष्णव ने कहा कि पिछले 12 सालों में केरलम में रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर का काफी विकास हुआ है। राज्य के रेलवे नेटवर्क का 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिफिकेशन हो चुका है, साथ ही कई डबलिंग और गेज-कनवर्जन प्रोजेक्ट भी पूरे हो चुके हैं।
उन्होंने आगे बताया कि 131 रोड ओवरब्रिज और अंडरपास बनाए गए हैं, और अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत 16 स्टेशनों को पहले ही रीडेवलप किया जा चुका है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि काम तेजी से चल रहा है और केरलम में अभी 20,000 करोड़ रुपए से ज्यादा के रेलवे प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा है। इनमें नौ मल्टी-ट्रैकिंग और नई लाइन वाले प्रोजेक्ट्स, 145 रोड ओवरब्रिज और अंडरपास, और 19 स्टेशनों का रीडेवलपमेंट शामिल है।
वैष्णव के अनुसार, 2014 से राज्य में 4,316 करोड़ रुपए की लागत से 670 किलोमीटर के छह बड़े डबलिंग और गेज-कन्वर्जन प्रोजेक्ट्स पूरे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स से पूरे केरलम में रेलवे की क्षमता और कनेक्टिविटी में काफी सुधार हुआ है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "हमारा फोकस ज्यादा क्षमता बनाने और पूरे केरल में रेलवे के कामकाज को ज्यादा सुचारू और कुशल बनाने पर है।"
--आईएएनएस
एबीएस