अक्टूबर में भारत का तैयार स्टील उत्पादन 5.2 प्रतिशत बढ़कर 13.8 मिलियन टन पहुंचा, मांग में भी जोरदार बढ़ोतरी
नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के स्टील क्षेत्र ने अक्टूबर 2026 में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। इस्पात मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश का फिनिश्ड स्टील (तैयार इस्पात) उत्पादन अक्टूबर में 5.2 प्रतिशत बढ़कर 13.8 मिलियन टन हो गया, जो पिछले वर्ष इसी महीने 13.1 मिलियन टन था।
चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल से अक्टूबर अवधि में फिनिश्ड स्टील का कुल उत्पादन 95.7 मिलियन टन रहा। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 91.9 मिलियन टन की तुलना में 4.1 प्रतिशत अधिक है।
मजबूत मांग के कारण स्टील की खपत में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। अक्टूबर 2026 में फिनिश्ड स्टील की खपत 7.5 प्रतिशत बढ़कर 14.4 मिलियन टन पहुंच गई, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 13.4 मिलियन टन थी।
बयान में कहा गया है कि अप्रैल-अक्टूबर 2026-27 के दौरान देश में फिनिश्ड स्टील की कुल खपत 99.4 मिलियन टन रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 92.4 मिलियन टन की तुलना में 7.5 प्रतिशत अधिक है। मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे और बंदरगाह जैसे बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से मांग को मजबूती मिली है।
इस दौरान कच्चे इस्पात (क्रूड स्टील) का उत्पादन भी बढ़ा। अक्टूबर में कच्चे इस्पात का उत्पादन 14.5 मिलियन टन दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के 14 मिलियन टन की तुलना में 3.6 प्रतिशत अधिक है।
हालांकि निर्यात मोर्चे पर अक्टूबर में कुछ नरमी देखी गई। फिनिश्ड स्टील का निर्यात 32 प्रतिशत घटकर 0.44 मिलियन टन रह गया, जबकि पिछले वर्ष अक्टूबर में यह 0.64 मिलियन टन था।
इसके बावजूद चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में फिनिश्ड स्टील का निर्यात 15.5 प्रतिशत बढ़कर 3.98 मिलियन टन पहुंच गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 3.45 मिलियन टन था। हालांकि इस अवधि में भारत कुल मिलाकर स्टील का शुद्ध आयातक बना रहा।
सरकारी बयान के अनुसार, भारत की मौजूदा कच्चा इस्पात उत्पादन क्षमता 222.9 मिलियन टन प्रतिवर्ष है। इससे देश राष्ट्रीय इस्पात नीति के तहत वर्ष 2030 तक 300 मिलियन टन प्रतिवर्ष उत्पादन क्षमता के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इस बीच, सार्वजनिक क्षेत्र की खनन कंपनी एनएमडीसी ने भी उत्पादन में वृद्धि दर्ज की है। सितंबर 2026 में कंपनी का लौह अयस्क उत्पादन 8 प्रतिशत बढ़कर 4.04 मिलियन टन रहा।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में एनएमडीसी का कुल लौह अयस्क उत्पादन 27.3 मिलियन टन तक पहुंच गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 23 प्रतिशत अधिक है। कंपनी का कहना है कि वह अपने वार्षिक उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में सही रास्ते पर है।
--आईएएनएस
डीबीपी