भारत में डेटा सेंटर विस्तार से 2030 तक 3.5 करोड़ वर्गफुट वेयरहाउसिंग स्पेस की मांग पैदा होगी: रिपोर्ट
नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। भारत का तेजी से बढ़ता डेटा सेंटर क्षेत्र वर्ष 2030 तक देश के औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स रियल एस्टेट बाजार के लिए बड़ा अवसर बन सकता है। डेटा सेंटर उद्योग के विस्तार से 2030 तक लगभग 3 करोड़ से 3.5 करोड़ वर्गफुट अतिरिक्त वेयरहाउसिंग स्पेस की मांग उत्पन्न हो सकती है। सोमवार को जारी प्रॉपर्टी कंसल्टिंग फर्म सैविल्स इंडिया की रिपोर्ट में यह बात कही गई।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में ऑपरेटर-आधारित डेटा सेंटर क्षमता 2030 तक बढ़कर 7 गीगावाट आईटी (जीडब्ल्यू आईटी) तक पहुंचने का अनुमान है। इस वृद्धि को डिजिटलीकरण, एंटरप्राइज क्लाउड अपनाने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित कार्यभार, सरकार की अनुकूल नीतियों और डेटा खपत में लगातार बढ़ोतरी से समर्थन मिल रहा है।
डेटा सेंटर उद्योग का विस्तार केवल डेटा सेंटर परिसरों तक सीमित नहीं रहेगा। इसके साथ-साथ ग्रेड-ए वेयरहाउसिंग सुविधाओं की मांग भी तेजी से बढ़ेगी, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां बड़े डेटा सेंटर क्लस्टर विकसित हो रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, डेटा सेंटर की प्रत्येक 1 मेगावाट आईटी क्षमता के लिए औसतन 6,000 से 7,000 वर्गफुट सहायक वेयरहाउसिंग स्पेस की आवश्यकता होती है। इन वेयरहाउसों का उपयोग निर्माण चरण के दौरान उपकरणों के भंडारण, स्थापना सामग्री के प्रबंधन तथा संचालन शुरू होने के बाद रखरखाव और प्रतिस्थापन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए किया जाता है।
सैविल्स इंडिया के प्रबंध निदेशक (औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स) श्रीनिवास एन. ने कहा, "डेटा सेंटर कैंपस के अलावा, सपोर्टिंग इकोसिस्टम को इक्विपमेंट स्टोरेज, इंस्टॉलेशन और चल रहे ऑपरेशन्स के लिए सही जगह पर वेयरहाउसिंग की जरूरत होगी।"
उन्होंने आगे कहा कि डेटा सेंटर क्षेत्र की वृद्धि घरेलू विनिर्माण को भी गति दे सकती है। डेटा सेंटरों के लिए आवश्यक उपकरणों, घटकों और सामग्रियों के स्थानीय उत्पादन में वृद्धि से औद्योगिक भूमि और विशेषीकृत विनिर्माण सुविधाओं की मांग भी बढ़ेगी।
रिपोर्ट में आगे कहा गया कि आने वाले वर्षों में डेटा सेंटर, विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों का यह संगम भारतीय औद्योगिक रियल एस्टेट बाजार के लिए एक महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन साबित हो सकता है।
भौगोलिक दृष्टि से हैदराबाद और मुंबई इस अवसर के सबसे बड़े लाभार्थी बनकर उभर सकते हैं। इनके बाद चेन्नई, दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु और पुणे का स्थान रहेगा। इन शहरों में पहले से विकसित डेटा सेंटर क्लस्टर और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध है, जिससे वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
--आईएएनएस
डीबीपी