☰
×

वैश्विक कीमतों में उछाल से उर्वरक सब्सिडी बढ़कर 2.5 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है: एफएआई

 

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआई) ने सोमवार को कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में भारत का उर्वरक सब्सिडी बिल बढ़कर लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है। यह केंद्र सरकार द्वारा मौजूदा वित्त वर्ष के बजट में आवंटित 1.71 लाख करोड़ रुपए की राशि से काफी अधिक है। संगठन के अनुसार, वैश्विक बाजार में उर्वरकों और उनके कच्चे माल की ऊंची कीमतों के कारण सरकार पर सब्सिडी का बोझ बढ़ रहा है।

एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एफएआई के अध्यक्ष एस. शंकरसुब्रमणियन ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में वास्तविक सब्सिडी व्यय बजट आवंटन की तुलना में लगभग 46 प्रतिशत अधिक रह सकता है।

उन्होंने बताया कि फॉस्फेटिक और पोटाश उर्वरकों पर ही सब्सिडी का खर्च करीब 1 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचने का अनुमान है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में उतार-चढ़ाव और आयात लागत में वृद्धि इसका प्रमुख कारण है।

उद्योग संगठन ने यह भी अनुमान लगाया कि वर्ष 2026-27 में कुल पोषक तत्व (न्यूट्रिएंट) आधारित उर्वरक खपत घटकर 65-67 मिलियन टन रह सकती है, जबकि पिछले वर्ष यह लगभग 70 मिलियन टन थी। इसके पीछे सामान्य से कम वर्षा को प्रमुख कारण माना गया है।

शंकरसुब्रमणियन ने संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए न्यूट्रिएंट बेस्ड सब्सिडी (एनबीएस) व्यवस्था को यूरिया पर भी लागू करने की वकालत की। वर्तमान में यह व्यवस्था फॉस्फेटिक और पोटाश उर्वरकों पर लागू है।

उद्योग विशेषज्ञ लंबे समय से यह तर्क देते रहे हैं कि मौजूदा सब्सिडी ढांचा यूरिया को अपेक्षाकृत अधिक प्रोत्साहन देता है, जिससे उर्वरकों का असंतुलित उपयोग बढ़ता है और मिट्टी के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

एफएआई अध्यक्ष ने कहा कि हाल के महीनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया की कीमतों में कुछ नरमी आई है और फिलहाल यह लगभग 350 डॉलर प्रति टन के स्तर पर है। हालांकि अन्य पोषक तत्वों और कच्चे माल की कीमतें अभी भी ऊंची बनी हुई हैं, जिससे कुल सब्सिडी बोझ पर दबाव बना हुआ है।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में उर्वरक सब्सिडी के लिए 1.71 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया था।

सरकार ने नवंबर की शुरुआत में रबी 2026-27 सीजन के लिए फॉस्फेटिक और पोटाश उर्वरकों पर लागू होने वाली न्यूट्रिएंट बेस्ड सब्सिडी (एनबीएस) दरों को भी मंजूरी दी थी। ये दरें 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू रहेंगी।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, रबी 2026-27 के लिए अनुमानित सब्सिडी व्यय लगभग 62,370.02 करोड़ रुपए है, जो रबी 2025-26 के लिए निर्धारित 37,952.29 करोड़ रुपए की तुलना में 64 प्रतिशत से अधिक है।

--आईएएनएस

डीबीपी