एफएए इस सप्ताह भारत की विमानन सुरक्षा निगरानी व्यवस्था का करेगा ऑडिट
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका का फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) 16 नवंबर से भारत की विमानन सुरक्षा निगरानी प्रणाली की पांच दिवसीय समीक्षा करेगा। इस आकलन काफी अहम है, क्योंकि इससे तय होगा कि तेजी से बढ़ते विमानन क्षेत्र के बीच भारत अपनी शीर्ष श्रेणी की कैटेगरी-1 सुरक्षा रेटिंग बरकरार रख पाता है या नहीं।
16 से 20 नवंबर तक निर्धारित यह ऑडिट ऐसे समय में हो रहा है, जब भारत का विमानन उद्योग तेजी से विस्तार कर रहा है। इससे अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए नियामकों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।
एफएए के इंटरनेशनल एविएशन सेफ्टी असेसमेंट (आईएएसए) कार्यक्रम के तहत अमेरिकी नियामक यह आकलन करता है कि किसी देश के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के पास अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करने वाली एयरलाइंस की निगरानी के लिए आवश्यक नियामकीय क्षमता और संस्थागत ढांचा मौजूद है या नहीं।
यह आकलन यह भी निर्धारित करता है कि उस देश की एयरलाइंस अमेरिका के लिए उड़ानें संचालित कर सकती हैं या अमेरिकी एयरलाइंस के साथ कोडशेयर व्यवस्था में शामिल हो सकती हैं या नहीं।
आगामी समीक्षा में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की सुरक्षा नियमों को लागू करने और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) द्वारा निर्धारित मानकों को बनाए रखने की प्रभावशीलता का आकलन किया जाएगा।
भारत के पास फिलहाल एफएए की सुरक्षा आकलन व्यवस्था के तहत सर्वोच्च रेटिंग कैटेगरी-1 का दर्जा है।
इस वर्गीकरण का अर्थ है कि देश का विमानन नियामक आईसीएओ के मानकों का अनुपालन करता है और उसके पास पर्याप्त निगरानी तंत्र मौजूद हैं।
वर्तमान में एयर इंडिया अमेरिका के गंतव्यों के लिए सीधी उड़ानें संचालित करने वाली एकमात्र भारतीय एयरलाइन है।
भारत में पिछली आईएएसए समीक्षा अक्टूबर 2021 में शुरू हुई थी, जब एफएए के अधिकारियों ने डीजीसीए की प्रणालियों और प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया था।
इस समीक्षा के तहत अप्रैल 2022 में आगे की बातचीत और उसी वर्ष जुलाई तथा सितंबर में अतिरिक्त आकलन किए गए थे।
अप्रैल 2023 में एफएए ने घोषणा की थी कि भारत ने सफलतापूर्वक अपनी कैटेगरी-1 रेटिंग बरकरार रखी है।
विमानों और हेलीकॉप्टरों से जुड़ी कई घटनाओं के बाद विमानन सुरक्षा पर बढ़ती जांच के बीच इस ताजा मूल्यांकन का महत्व और बढ़ गया है। पिछले साल लंदन गैटविक जा रही एयर इंडिया की बोइंग 787-8 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हुए इस हादसे में 260 लोगों की मौत हो गई थी। इस साल हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं और विमानन से जुड़ी कई अन्य घटनाओं की भी खबरें सामने आई हैं। इससे सुरक्षा निगरानी और नियामकीय प्रभावशीलता पर एक बार फिर ध्यान केंद्रित हुआ है।
--आईएएनएस
एबीएस