☰
×

डिज्नी लागत कम करने के उपायों के तहत हजारों कर्मचारियों की छंटनी पर कर रही विचार: रिपोर्ट

 

नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी मनोरंजन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी डिज्नी लागत कम करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी पर विचार कर रही है। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी के कुछ प्रबंधकों को अपने-अपने विभागों में वार्षिक खर्च में 20 प्रतिशत तक कटौती के विकल्प तलाशने के निर्देश दिए गए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कदम ऐसे समय उठाया जा रहा है जब कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जोश डी'अमारो मनोरंजन उद्योग के तेजी से बदलते परिदृश्य का सामना कर रहे हैं। उद्योग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का बढ़ता उपयोग, बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन में नरमी, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा और अंतरराष्ट्रीय थीम पार्कों में आगंतुकों की धीमी वृद्धि जैसी चुनौतियां कंपनी पर दबाव बना रही हैं।

जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित पुनर्गठन का असर सभी व्यवसायों पर समान रूप से नहीं पड़ेगा। कुछ इकाइयों में अन्य की तुलना में अधिक कर्मचारी कटौती की जा सकती है। हालांकि संभावित छंटनी की सटीक संख्या अभी तक सामने नहीं आई है।

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि लागत बचत से प्राप्त धनराशि का एक हिस्सा कंपनी की रणनीतिक विकास योजनाओं में लगाया जाएगा। इनमें फिल्म और टेलीविजन कंटेंट निर्माण, तकनीकी विकास, थीम पार्क संचालन तथा डिज्नी के तेजी से विस्तार कर रहे क्रूज व्यवसाय में निवेश शामिल है।

डिज्नी ने इस विषय पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। कंपनी के पास वित्त वर्ष 2025 के अंत तक लगभग 2.31 लाख कर्मचारी थे।

गौरतलब है कि हाल के वर्षों में डिज्नी कई चरणों में कर्मचारियों की संख्या घटा चुकी है। सितंबर में आई रिपोर्टों के अनुसार, कंपनी ने मानव संसाधन और प्रौद्योगिकी विभागों में कई सौ पद समाप्त किए थे। इससे पहले अप्रैल 2026 में भी करीब 1,000 नौकरियों में कटौती की गई थी।

डिज्नी की लागत-कटौती रणनीति पूर्व सीईओ बॉब इगर के कार्यकाल में शुरू हुए बड़े पुनर्गठन कार्यक्रम से जुड़ी है। उस कार्यक्रम के तहत लगभग 7,000 पद समाप्त किए गए थे और 5.5 अरब डॉलर की लागत बचत का लक्ष्य रखा गया था।

मनोरंजन और मीडिया उद्योग में व्यापक स्तर पर भी नौकरी कटौती देखी जा रही है। नेटफ्लिक्स और स्काईडांस जैसी कंपनियां भी बदलती कारोबारी परिस्थितियों और लागत नियंत्रण की रणनीति के तहत कर्मचारियों की संख्या कम कर चुकी हैं।

इसी बीच, अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी अमेजन ने भी अपने डिवाइसेज और सर्विसेज डिवीजन में लगभग 250 कर्मचारियों की छंटनी की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कर्मचारियों को सुबह ईमेल और संदेशों के माध्यम से इसकी सूचना दी गई। कंपनी का कहना है कि यह कदम परिचालन को अधिक कुशल बनाने और संसाधनों को प्राथमिकता वाले उत्पादों पर केंद्रित करने के लिए उठाया गया है।

--आईएएनएस

डीबीपी