एस्ट्रोटॉक ऐप एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं, कंपनी रिस्टोर करने के लिए कर रही काम
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। ज्योतिष और आध्यात्मिक कल्याण प्लेटफॉर्म 'एस्ट्रोटॉक' का आईओएस एप्लिकेशन फिलहाल एप्पल के ऐप स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध नहीं है। कंपनी का कहना है कि वह इसे फिर से उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है, लेकिन उसने ऐप के न होने का कारण नहीं बताया है।
प्लेटफॉर्म की वेबसाइट पर दिए गए एक नोटिस में कहा गया है, "एस्ट्रोटॉक अभी एप्पल ऐप स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध नहीं है। हम इसे फिर से उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहे हैं।"
कंपनी ने आईफोन यूजर्स को सलाह दी है कि वे अपडेट के लिए ऐप स्टोर पर नजर रखें। साथ ही, चेतावनी दी है कि वे किसी भी अनौपचारिक आईओएस (आईफोन ऑपरेटिंग सिस्टम) एप्लिकेशन फाइल को डाउनलोड न करें और न ही इस सर्विस का इस्तेमाल करने के लिए किसी ऐसे थर्ड-पार्टी लिंक का उपयोग करें जो वेरिफाइड (सत्यापित) न हो। यूजर्स कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए सर्विस का लाभ उठा सकते हैं, जहां वे कॉल और चैट के माध्यम से ज्योतिष संबंधी परामर्श ले सकते हैं।
हालांकि, एस्ट्रोटॉक और एप्पल ने सार्वजनिक रूप से यह बताया है कि यह एप्लिकेशन क्यों उपलब्ध नहीं है। वहीं, ऐप-ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म 'स्टोरटैली' के अनुसार, 'एस्ट्रोटॉक – टॉक टू एस्ट्रोलॉजर' नाम का यह आईओएस एप्लिकेशन 4 नवंबर, 2026 को ऐप स्टोर से हटा दिया गया था। स्टोरटैली के रिकॉर्ड बताते हैं कि इस ऐप को आखिरी बार 29 अक्टूबर, 2026 को अपडेट किया गया था।
एस्ट्रोटॉक एक ऑनलाइन ज्योतिष परामर्श प्लेटफॉर्म चलाता है। यहां कुंडली देखना, कुंडली मिलान, टैरो रीडिंग जैसी सेवाएं मिलती हैं और लोग पेड कॉल या चैट के जरिए सीधे ज्योतिषियों से बात कर सकते हैं।
एस्ट्रोटॉक ने वित्त वर्ष 2026 में अपने नेट प्रॉफिट में दस गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की है। इसकी मुख्य वजहें परामर्श (कंसल्टेशन) के मुख्य कारोबार में मजबूत ग्रोथ, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से विस्तार और ई-कॉमर्स ऑपरेशंस का बड़े पैमाने पर विस्तार हैं। नोएडा स्थित इस कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में 222 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 22 करोड़ रुपये था।
कंपनी के ऑपरेशंस से होने वाला रेवेन्यू सालाना आधार पर 55 प्रतिशत बढ़कर 1,176 करोड़ रुपये से 1,823 करोड़ रुपये हो गया। प्लेटफॉर्म को अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा अपनी मुख्य सेवाओं से ही मिलता रहा। परामर्श सेवाओं से होने वाला रेवेन्यू वित्त वर्ष 2026 में 45 प्रतिशत बढ़कर 1,657 करोड़ रुपये हो गया (जो एक साल पहले 1,139 करोड़ रुपये था)। यह कंपनी के कुल ऑपरेटिंग रेवेन्यू का लगभग 91 प्रतिशत है।
--आईएएनएस
ओपी/एएस