☰
×

Email Security: मिनटों में पता करें आपका ईमेल डेटा लीक में शामिल है या नहीं, अपनाएं ये आसान तरीका

 

आज के समय में ईमेल अकाउंट हमारी डिजिटल जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। बैंकिंग, सोशल मीडिया, ऑनलाइन शॉपिंग और ऑफिस से जुड़े कई अकाउंट इसी ईमेल आईडी से जुड़े होते हैं। यहां तक कि किसी अकाउंट का पासवर्ड भूलने पर उसे रीसेट करने का लिंक भी ईमेल पर ही आता है। ऐसे में अगर आपका ईमेल हैक हो जाए या उसका डेटा लीक हो जाए तो आपकी निजी जानकारी और पैसों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

कई बार साइबर ठग डेटा चोरी कर लेते हैं, लेकिन यूजर को इसकी जानकारी लंबे समय तक नहीं मिलती। ऐसे में समय रहते यह जांचना जरूरी है कि कहीं आपका ईमेल किसी पुराने डेटा लीक का हिस्सा तो नहीं रहा। इसके लिए आप मुफ्त वेबसाइट Have I Been Pwned की मदद ले सकते हैं।

ऐसे चेक करें ईमेल आईडी लीक हुई है या नहीं

इसके लिए आपको किसी महंगे सॉफ्टवेयर की जरूरत नहीं है। सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउजर में Have I Been Pwned वेबसाइट खोलें। इसके बाद सर्च बॉक्स में अपनी ईमेल आईडी दर्ज करें और जांच करें।

वेबसाइट उपलब्ध डेटा ब्रीच रिकॉर्ड में आपकी ईमेल आईडी को तलाशेगी। अगर आपका ईमेल किसी दर्ज डेटा लीक में मिला तो स्क्रीन पर चेतावनी दिखाई देगी। वहीं, अगर कोई रिकॉर्ड नहीं मिलता तो वेबसाइट बताएगी कि आपकी ईमेल आईडी उपलब्ध लीक डेटा में नहीं मिली है।

ध्यान रखें कि इसका मतलब यह नहीं है कि आपका अकाउंट पूरी तरह सुरक्षित है। वेबसाइट केवल उन डेटा लीक की जानकारी देती है जिनका रिकॉर्ड उसके डेटाबेस में मौजूद है।

ईमेल लीक होने पर तुरंत करें ये काम

अगर जांच में आपकी ईमेल आईडी किसी डेटा लीक में शामिल मिलती है तो सबसे पहले उसका पासवर्ड बदलें। ऐसा पासवर्ड रखें जिसमें बड़े और छोटे अक्षर, नंबर और स्पेशल कैरेक्टर शामिल हों। अगर यही पासवर्ड आपने दूसरी वेबसाइट या ऐप पर भी इस्तेमाल किया है तो वहां भी उसे बदल दें।

इसके अलावा अकाउंट में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) चालू करें। इससे लॉग-इन के दौरान पासवर्ड के अलावा एक अतिरिक्त सुरक्षा जांच भी जरूरी होगी। अपने अकाउंट में लॉग-इन डिवाइस और थर्ड-पार्टी ऐप्स की सूची भी देखें। कोई अनजान डिवाइस या ऐप दिखाई दे तो उसकी पहुंच हटा दें।

इन तरीकों से सुरक्षित रखें अपना ईमेल अकाउंट

ईमेल को साइबर ठगों से बचाने के लिए हर वेबसाइट और ऐप पर अलग पासवर्ड इस्तेमाल करें। अनजान ईमेल, संदिग्ध लिंक और फर्जी वेबसाइट पर अपनी लॉग-इन जानकारी दर्ज करने से बचें। मजबूत पासवर्ड बनाने और सुरक्षित रखने के लिए भरोसेमंद पासवर्ड मैनेजर का इस्तेमाल कर सकते हैं।

साथ ही, समय-समय पर अपने अकाउंट की सिक्योरिटी सेटिंग्स और लॉग-इन गतिविधियों की जांच करते रहें। थोड़ी सी सावधानी आपके ईमेल के साथ-साथ उससे जुड़े बैंकिंग, सोशल मीडिया और दूसरे ऑनलाइन अकाउंट्स को भी सुरक्षित रखने में मदद कर सकती है।